राहुल के नाचने वाले बयान पर बीजेपी ने चुनाव आयोग से की शिकायत

Rahul Gandhi

नेशनल ब्यूरो। नई दिल्ली

बीजेपी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार में बुधवार को मुजफ्फरपुर में एक चुनावी रैली के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा था कि चुनाव से पहले अगर 200 लोग कहें तो पीएम मोदी वोट के लिए मंच पर नाचने लगेंगे, भारतनाट्यम भी कर लेंगे।

बयान पर आपत्ति जताते हुए बीजेपी की बिहार इकाई ने चुनाव आयोग के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत में कहा गया कि यह टिप्पणी आदर्श आचार संहिता और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 123(4) और राजनीतिक मर्यादा का घोर उल्लंघन है, जो पीएम के पद को नीचा दिखाने और मतदाताओं को भड़काने का प्रयास है।

साथ ही मुजफ्फरपुर न्यायालय में भी वकील सुधीर ओझा ने राहुल के खिलाफ इसी आरोप को लेकर वाद दाखिल किया है।बीजेपी ने मांग की है कि राहुल गांधी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए, बिना शर्त सार्वजनिक माफी मंगवाई जाए और उन्हें निर्धारित अवधि के लिए प्रचार करने से प्रतिबंधित कर दिया जाए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now