लेंस डेस्क । देशभर में चीनी की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। कई जगहों पर किराना दुकानों में चीनी 60-65 रुपये किलो बिक रही है, जबकि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर यह 70-80 रुपये किलो तक पहुंच गई है। इसी बीच क्विक-कॉमर्स ऐप्स और कुछ बड़े सुपरमार्केट ने चीनी खरीदने पर सीमा लगा दी है। Sugar limit
कहां और किसने लगाई रोक?
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म Zepto, Blinkit और Swiggy Instamart ने चीनी के कुछ पैकेट्स पर लिमिट तय कर दी है। यानी एक ऑर्डर में आप सीमित मात्रा में ही चीनी जोड़ सकते हैं।
जेप्टो पर कुछ प्रोडक्ट्स पर पैकेट की संख्या सीमित है और ‘सीमित स्टॉक’ का संकेत भी दिख रहा है।
ब्लिंकिट पर भी कई चीनी पैकेट्स पर खरीद की सीमा लगी हुई है।
स्विगी इंस्टामार्ट पर Supreme Harvest Crystal Sugar के 1 किलो पैक के लिए प्रति ऑर्डर सिर्फ 2 पैकेट की अनुमति है।
ऑफलाइन स्टोर्स
डीमार्ट और रिलायंस जैसे बड़े रिटेल चेन के कुछ स्टोर्स में भी एक ग्राहक को 2-3 किलो से ज्यादा चीनी नहीं दी जा रही। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक यह कदम उठाया गया है। इसका मतलब साफ है कि चाहे आप ऐप से ऑर्डर करें या सुपरमार्केट जाकर खरीदें, दोनों जगह चीनी की मात्रा पर पाबंदी है।
चीनी के दाम अभी कहां हैं?
हाल के दिनों में थोड़ी राहत जरूर मिली है। पिछले 4 दिनों में खुदरा बाजार में चीनी करीब 8 रुपये किलो सस्ती हुई है। थोक भाव भी 5800 रुपये प्रति क्विंटल तक आ गया है।
दिल्ली में चीनी 62 रुपये किलो बिकी (पहले 68 रुपये तक गई थी)।
कानपुर में 69 से घटकर 62 रुपये।
मुंबई में 68 से 61 रुपये।
गुवाहाटी में 71 से 63 रुपये।
हैदराबाद में 70 से 62 रुपये।
चेन्नई में 70 से 65 रुपये।
महाराष्ट्र में चीनी 51-52 रुपये किलो और कोलकाता में थोक भाव करीब 53 रुपये किलो चल रहा है।
लिमिट क्यों लगाई गई?
चीनी की कीमतें पिछले कुछ हफ्तों में तेजी से बढ़ी थीं। त्योहारों का मौसम नजदीक होने से मांग बढ़ने की आशंका है। जमाखोरी रोकने और आम ग्राहकों तक चीनी पहुंचाने के लिए प्लेटफॉर्म और रिटेलर्स ने यह कदम उठाया है।
सरकार भी सप्लाई सुधारने की कोशिश कर रही है। उसने 10 लाख टन कच्ची चीनी के ड्यूटी-फ्री आयात की अनुमति दी है। नियमों में ढील देकर आयातकों को रिफाइन करके बेचने के लिए ज्यादा समय दिया गया है, ताकि बाजार में सप्लाई बढ़ सके।
अभी चीनी महंगी तो है, लेकिन दाम थोड़े नरम पड़े हैं। फिर भी अगर आप ज्यादा मात्रा में चीनी खरीदना चाहते हैं तो ऑनलाइन या बड़े स्टोर्स में दिक्कत हो सकती है। छोटी किराना दुकानों पर अभी लिमिट की खबर नहीं है, लेकिन वहां भाव ऊंचे बने हुए हैं।









