मृदुला भास्कर, सोनिका पोर्ते, सालिनी रामटेके भी बनेंगी उपाध्यक्ष
रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस (Congress)के संगठनात्मक चुनाव में मतदान प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही उपाध्यक्ष पदों को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। अलग-अलग आरक्षित श्रेणियों में नामांकन की स्थिति के कारण अब तक 7 उम्मीदवार निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित हो चुके हैं। इनमें SC-ST कोटे से चार, दिव्यांग कोटे से दो और अल्पसंख्यक कोटे से एक उम्मीदवार शामिल हैं।
इन सात उम्मीदवारों में भूपेश बघेल गुट के दो उम्मीदवार हैं तो दो देवेंद्र यादव गुट के भी दो उम्मीदवार उपाध्यक्ष बन गए हैं।
अल्पसंख्यक कोटे से देवेंद्र यादव गुट के गुलजेब अहमद का नामांकन रद्द होने की वजह से भूपेश बघेल गुट के हनी बग्गा का उपाध्यक्ष बनना तय हो गया है। इसके अलावा भूपेश बघेल गुट के सागर बाघमेरे भी विकलांग कोटे से उपाध्यक्ष बन गए हैं। इसी तरह देवेंद्र यादव गुट के दो प्रत्याशी कपिलकांत नाग और भावेंद्र गंगोत्री का ST-SC कोटे से उपाध्यक्ष बन गए हैं।
इसके अलावा तीन महिलाएं मृदुला भास्कर और सोनिका पोर्ते एसटी-एससी कोटे से उपाध्यक्ष बन गई हैं। वहीं, विकलांग कोटे से शालिनी रामटेके भी उपाध्यक्ष बन गई हैं। इस कोटे की पांच उपाध्यक्ष सीटों में से एक सीट खाली रहने की स्थिति बन गई है।
दरअसल, शैलेंद्र बंजारे और सत्येंद्र चेलक भी SC-ST वर्ग से आते हैं, लेकिन दोनों प्रदेश अध्यक्ष पद की मुख्य दौड़ में हैं। संगठनात्मक चुनाव में दोनों को अलग-अलग खेमों के प्रमुख चेहरों के तौर पर देखा जा रहा है। इसी वजह से उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में उतरना चुना है और उपाध्यक्ष पद के आरक्षित कोटे में उनका नाम नहीं है।
इस स्थिति में SC-ST कोटे की पांचवीं उपाध्यक्ष सीट फिलहाल खाली रहने की संभावना है।
दूसरी ओर प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनावी मुकाबला जारी है। अध्यक्ष पद के लिए शुरुआत में 19 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। जांच के दौरान आदित्य भगत और गुलजेब अहमद का नामांकन निर्धारित आयु सीमा पूरी नहीं करने के कारण निरस्त हो गया। इसके बाद अब 17 उम्मीदवार प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में हैं।
युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में अलग-अलग सामाजिक श्रेणियों के लिए उपाध्यक्ष पद निर्धारित किए गए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार अब तक सात उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
मृदुला और सोनिका के पास दोहरा रास्ता
महिलाओं के लिए ओपन, ओबीसी, एससी-एसटी और विकलांग कैटेगिरी में मिलाकर 5 पद हैं। ओपन और ओबीसी कैटेगिरी के दो पदों के लिए दीक्षा पांडे, प्रीतिका विश्वकर्मा और प्रीति वैष्णव उम्मीदवार हैं।
लेकिन, SC-ST कोटे से निर्विरोध उपाध्यक्ष चुनी गईं मृदुला भास्कर और सोनिका पोर्ते के लिए चुनाव में एक और संभावना बनी हुई है। अगर दोनों को अध्यक्ष पद के चुनाव में पर्याप्त वोट मिलते हैं और वे ओपन कैटेगरी के निर्धारित मानदंड में आती हैं, तो उन्हें सामान्य यानी ओपन कैटेगरी से भी उपाध्यक्ष पद मिल सकता है।
अगर उन्हें ओपन कैटेगरी में पर्याप्त वोट नहीं मिलते हैं, तो SC-ST आरक्षित कोटे से उनका उपाध्यक्ष बनना पहले से ही तय है।
हनी बग्गा अल्पसंख्यक कोटे से निर्विरोध, देवेंद्र यादव खेमे के भी दो चेहरे
निर्विरोध चुने गए अल्पसंख्यक कोटे में हनी परमीत बग्गा और गुलजेब अहमद ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। जांच में गुलजेब अहमद का नामांकन आयु सीमा के कारण निरस्त हो गया। इसके बाद हनी बग्गा अल्पसंख्यक कोटे से उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हो गए।
निर्विरोध चुने गए चार SC-ST उपाध्यक्षों में कपिलकांत नाग और भावेंद्र गंगोत्री को देवेंद्र यादव खेमे से जुड़ा माना जाता है। वहीं मृदुला भास्कर और सोनिका पोर्ते की अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक पहचान है।
हनी बग्गा को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी खेमे से जोड़कर देखा जाता है। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष पद की लड़ाई में दोनों प्रमुख राजनीतिक धाराओं से जुड़े उम्मीदवार मैदान में हैं।
30 अगस्त से शुरू हुआ ऑनलाइन मतदान
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अब 17 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें सत्येंद्र चेलक, शैलेंद्र बंजारे, विनोद कश्यप (भक्कू), भावेंद्र गंगोत्री, दीक्षा पांडे, जसमीत शर्मा (सोनू शर्मा), कपिल कांत नाग, मानव देशमुख, मृदुला भास्कर, परमीत बग्गा (हनी बग्गा), प्रशांत बोकड़े, प्रीतिका विश्वकर्मा, प्रीति वैष्णव, सागर बाघमारे, सजल चंद्राकर, शालिनी रामटेके और सोनिका पोर्ते शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के लिए 30 अगस्त से ऑनलाइन मतदान शुरू हो चुका है। इसके साथ ही प्रदेशभर में सदस्यता अभियान भी चलाया जा रहा है।
चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ विभिन्न उपाध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, जिला अध्यक्ष, जिला महासचिव, विधानसभा अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष के पदों के लिए भी मतदान की प्रक्रिया हो रही है।









