ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) का 11वां अखिल भारतीय सम्मेलन (All-India Conference)28 से 30 नवंबर तक महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित किया जाएगा। आइसा की रायपुर इकाई ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन के पहले दिन, 28 नवंबर को खुले सत्र का आयोजन होगा। इसमें देश के प्रतिष्ठित बुद्धिजीवी, लेखक, सामाजिक कार्यकर्ता और एक्टिविस्ट हिस्सा लेकर समकालीन सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षणिक सवालों पर अपनी बात रखेंगे।आइसा देश के प्रमुख वामपंथी छात्र संगठनों में शामिल है।इसकी राजनीति शिक्षा के लोकतंत्रीकरण, सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता, समानता और छात्र अधिकारों के सवालों पर केंद्रित रही है।
अपने तीन दशक से अधिक के सफर में आइसा ने विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में छात्र आंदोलनों के जरिए पहचान बनाई है। संगठन ने शिक्षा के निजीकरण, फीस वृद्धि, छात्रवृत्ति में कटौती, कैंपस में लोकतांत्रिक अधिकारों पर प्रतिबंध, जातिगत भेदभाव और शैक्षणिक संस्थानों में लैंगिक हिंसा जैसे मुद्दों पर आंदोलन किए हैं। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), दिल्ली विश्वविद्यालय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय सहित कई विश्वविद्यालयों में संगठन की सक्रियता रही है।
हाल के वर्षों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक, बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों पर भी आइसा ने आंदोलन किए हैं। नीट परीक्षा विवाद और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ छात्र आंदोलनों में संगठन की भागीदारी रही है।नेहा बोरा के नेतृत्व में राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी चर्चाआइसा की मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा भी हाल के दिनों में देशव्यापी छात्र और युवा आंदोलनों के कारण चर्चा में रही हैं। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में पीएचडी शोधार्थी बोरा की राजनीतिक सक्रियता की शुरुआत दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान हुई थी।
वे सामाजिक मुद्दों पर आधारित नुक्कड़ नाटकों और थिएटर गतिविधियों से जुड़ी रही हैं। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ 2019-20 के आंदोलनों के दौरान उनकी सक्रियता और बढ़ी।नेहा बोरा ने शिक्षा सुधारक और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के साथ दिल्ली के जंतर-मंतर पर 23 दिनों तक भूख हड़ताल में हिस्सा लिया था।देश के इस चर्चित और आक्रामक युवा आंदोलन में राष्ट्रीय शिक्षा नीति और प्रतियोगी परीक्षाओं के केंद्रीकरण से जुड़े सवाल उठाए गए थे।जंतर मंतर पर हुए इस अनशन से सुर्खियों में आई नेहा बोरा आज अपने तीखे व्यवस्था विरोधी तेवर के लिए जानी जाती हैं।
वे झारखंड में छात्र और भर्ती परीक्षा संबंधी आंदोलनों तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों में भी सक्रिय रही हैं।नागपुर में होने वाला यह सम्मेलन ऐसे समय आयोजित हो रहा है, जब देश में शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता, छात्र राजनीति और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर बहस जारी है। सम्मेलन में इन मुद्दों पर संगठन की आगामी राजनीतिक दिशा तय होने की उम्मीद है। आइसा के लोगों को यह भी उम्मीद है कि जंतर मंतर आंदोलन के बाद जिस तरह आइसा ने राष्ट्रीय स्तर पर जेन ज़ी तबके में अपनी पहचान बनाई है उसकी झलक नागपुर में दिखेगी।










