CG Cabinet : गजेंद्र यादव, खुशवंत गुरु और राजेश अग्रवाल बने मंत्री, छत्तीसगढ़ में पहली बार 14 मंत्रियों की कैबिनेट

CG Cabinet

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मंत्रीमंडल विस्तार हो गया है। 3 विधायकों गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत और राजेश अग्रवाल को राज्यपाल रमेन डेका ने शपथ दिलाई। तीन विधायकों को मंत्री पद की शपथ के लिए आधिकारिक न्यौता रात में ही मिल चुका था। दुर्ग शहर के विधायक गजेंद्र यादव, रायपुर के आरंग के विधायक गुरु खुशवंत और अंबिकापुर के विधायक राजेश अग्रवाल अब मंत्री बन गए हैं। छत्तीसगढ़ के राजभवन में आज सुबह साढ़े 10 बजे तीनों ने शपथ ली। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में पहली बार 14 मंत्रियों का मंत्रीमंडल हो गया है, जिसमें एक मुख्यमंत्री और दो उप मुख्यमंत्री हैं। तीनों नए मंत्री शपथ लेने के बाद दिल्ली रवाना होंगे।

हरियाणा की तर्ज में छत्तीसगढ़ में पहली बार मंत्रियों की संख्या 14 होगी। इसे हरियाणा मॉडल इसलिए बोला जा रहा है, क्योंकि हरियाणा में भी 90 विधानसभा सीट है और वहां मुख्यमंत्री को मिलाकर 14 मंत्री बनते हैं।

तीनों विधायकों को न्यौता रात में ही मिल गया था। रायपुर में खुशवंत गुरु के मकान में इस न्यौता का असर भी नजर आया। इसकी वजह है कि आरंग विधायक के मकान के बाहर उनके समर्थकों का देर रात तक आना जाना लगा रहा। उनके समर्थक यह बोलते सुने गए कि भैया तो कल मंत्री बन रहे हैं। वहीं, रायपुर से जिन दो और विधायकों राजेश मूणत और पुरंदर मिश्रा के नाम की चर्चा हो रही थी, उनके घरों के आगे सन्नाटा पसरा रहा। दूसरी तरफ दुर्ग में भी गजेंद्र यादव के मकान के बाहर समर्थकों का देर रात तक आना जाना लगा रहा।

इतना ही नहीं, इसके अलावा चर्चा यह भी है कि बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल को कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। साथ ही छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को किसी बड़े राज्य का राज्यपाल बनाए जाने की चर्चा है, लेकिन ये सब सिर्फ चर्चा और अटकलें हैं।

बीजेपी ने भी मंगलवार को इसकी सूचना जारी की थी। सुबह साढ़े 10 बजे शपथ ग्रहण के लिए सभी विधायकों को आमंत्रित किया गया था। विधायक दल के सचेतक सुशांत शुक्ला ने यह सूचना जारी की थी। शपथ ग्रहण का शेड्यूल जारी होने के बाद राज्यपाल रमेन डेका रायपुर के गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचे। जगन्नाथ मंदिर की देख रेख विधायक पुरंदर मिश्रा करते हैं। वे भी इस दौरान में राज्यपाल के साथ थे। उनका नाम भी मंत्री बनने की सूची में प्रमुखता से लिया जा रहा था।

यह भी पढ़ें: कल सुबह साढ़े 10 बजे 3 मंत्री लेंगे शपथ, BJP ने विधायकों को भेजा न्यौता, राज्यपाल जगन्नाथ मंदिर पहुंचे

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories