जन्मदिन पर शादी का झांसा देकर बुलाया, आंखें बंद करवाकर पत्थर से कुचल डाला; महासमुंद में 12वीं की छात्रा की नृशंस हत्या

Mahasamund

रायपुर। छत्तीसगढ़ के Mahasamund जिले के खल्लारी में 12वीं की छात्रा की बेहद नृशंस हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। 17 वर्षीय नाबालिग ने अपनी प्रेमिका की जन्मदिन के दिन ही हत्या की साजिश रची। शादी का भरोसा देकर उसे मिलने बुलाया, फिर ‘स्पेशल गिफ्ट’ देने के बहाने आंखें बंद कराईं और पीछे से भारी पत्थर से सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को नाले किनारे रेत में दफना दिया।

पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर किशोर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह (रिमांड होम) भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक मृतका 12वीं कक्षा की छात्रा थी और पिछले कुछ समय से आरोपी के साथ उसका प्रेम संबंध था। छात्रा आरोपी से शादी करना चाहती थी, जबकि आरोपी इस रिश्ते से बाहर निकलना चाहता था। इसी वजह से उसने हत्या की साजिश रची।

जन्मदिन पर बुलाया, कहा- ‘स्पेशल गिफ्ट दूंगा’

19 जून को छात्रा का जन्मदिन था। आरोपी ने उसे शादी का भरोसा देकर रात में घर से कपड़े और सामान के साथ मिलने बुलाया। दोनों खल्लारी क्षेत्र के एक नाले के पास पहुंचे।

वहां आरोपी ने छात्रा से कहा कि वह उसे एक ‘स्पेशल गिफ्ट’ देना चाहता है और उसकी आंखें बंद करने को कहा। जैसे ही छात्रा ने आंखें बंद कीं, आरोपी ने पीछे से भारी पत्थर उठाकर उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

हमले में छात्रा के सिर पर करीब छह इंच गहरा घाव हुआ। खोपड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद शव को रेत में दबाया, बदबू आने पर खुला हत्या का राज

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को नाले के किनारे रेत में दबा दिया। छात्रा का बैग और अन्य सामान भी पास ही छिपा दिया, ताकि किसी को हत्या का शक न हो।

घटना के तीन-चार दिन बाद ग्रामीणों ने नाले के पास रेत से शव का कुछ हिस्सा बाहर निकला हुआ देखा। वहां से तेज बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू की। कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेह होने पर नाबालिग को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पोस्टमार्टम में सिर पर गंभीर चोट, संघर्ष के निशान मिले

डॉक्टरों की प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्रा के सिर पर गंभीर चोट की पुष्टि हुई है। इसके अलावा जांघों पर खरोंच के निशान भी मिले हैं, जिन्हें संघर्ष के संकेत माना जा रहा है।

दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए पुलिस ने जैविक नमूने सुरक्षित कर रायपुर स्थित फॉरेंसिक साइंस लैब भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही इस पहलू पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस का कहना है कि आरोपी को किशोर न्यायालय में पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। मामले में हत्या के साथ-साथ सभी संभावित पहलुओं की जांच जारी है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के सक्ती में घर में घुसकर युवती की गोली मारकर हत्या, ‘पूर्णिमा कहां है’ पूछने के बाद बदमाशों ने किए 3 फायर

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories