रायपुर। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े एक सनसनीखेज हत्या (Sakti Murder) की वारदात सामने आई है। बाइक पर सवार दो बदमाश एक युवती के घर पहुंचे, परिवार वालों से उसका नाम पूछने के बाद घर के अंदर घुसे और देखते ही उस पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं।
गंभीर रूप से घायल युवती की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
मृतका की पहचान पूर्णिमा चौहान (25) के रूप में हुई है। वह पिछले चार वर्षों से पंजाब स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थी और इन दिनों अपने घर आई हुई थी।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दो युवक बाइक से पूर्णिमा के घर पहुंचे। इनमें से एक युवक घर के भीतर गया, जबकि दूसरा बाहर ही खड़ा रहा। अंदर पहुंचे युवक ने परिवार के लोगों से पूछा कि ‘पूर्णिमा कहां है?’
इसी दौरान पूर्णिमा बाहर आई तो आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दिए। गोलियां उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य बाहर पहुंचे तो पूर्णिमा खून से लथपथ जमीन पर पड़ी मिली। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फोरेंसिक टीम और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह भी सामने नहीं आया है कि आरोपी कौन थे और उन्होंने पूर्णिमा को निशाना क्यों बनाया। पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, पुरानी दुश्मनी और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
रिहायशी इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी जल्द गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: दो साल से बंधक नारायण कोड़ों की मार और जलाये जाने के दाग लेकर अब लौटेगा छत्तीसगढ़









