मुंबई। BMC Budget 2026: बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने चुनाव के बाद पहला भारी भरकम बजट पेश कर दिया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट में कुल 80,952.56 करोड़ रुपये का प्रवधान किया गया है। यह अब तक का सबसे बड़ा बजट है।
पिछले साल (2025-26) का बजट 74,427.41 करोड़ रुपये का था, यानी इस बार करीब 8.77% की बढ़ोतरी हुई है। बजट में संपत्ति कर से होने वाली कमाई का अनुमान 7,000 करोड़ रुपये रखा गया है। पानी और सीवरेज चार्जेस से 2025-26 में 2,363.15 करोड़ और 2026-27 में 2,393.46 करोड़ रुपये की प्राप्ति का अनुमान है। निवेश पर ब्याज से इस साल 2,283.89 करोड़ और अगले साल 2,572.23 करोड़ रुपये आने की उम्मीद है।
एक महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि महाराष्ट्र अध्यादेश (फरवरी 2022) के अनुसार, 500 वर्ग फुट या उससे कम कार्पेट एरिया वाली आवासीय संपत्तियों को पानी और सीवर टैक्स से छूट मिली हुई है। पहले ये टैक्स प्रॉपर्टी टैक्स बिल में शामिल होते थे। अब बिना वाटर मीटर वाली ऐसी छोटी फ्लैट्स के लिए औसत रोजाना पानी खपत के आधार पर चार्ज तय करने की एक पूरी नीति जल्द तैयार की जाएगी।
BMC कमिश्नर ने क्या कहा?
बीएमसी कमिश्नर भूषण गगरानी ने बजट पेश करते हुए कहा कि यह बजट शहर की वित्तीय दिशा तय करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे मुंबई को और स्वच्छ, सुरक्षित, समावेशी और भविष्य के लिए तैयार बनाने की दिशा में काम होगा।
उन्होंने इसे मजबूत नागरिक ढांचे, बेहतर बुनियादी सेवाओं और संतुलित-सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता बताया। उन्होंने कहा कि वित्तीय अनुशासन और नागरिक-केंद्रित शासन के जरिए शहर एक आधुनिक, समावेशी महानगर के रूप में उभरेगा।
यह बजट खास इसलिए है क्योंकि 2022 से अब तक पिछले तीन सालों में राज्य सरकार द्वारा नियुक्त प्रशासक के जरिए ही बजट पेश किए जाते रहे थे। उस समय बीएमसी में कोई चुनी हुई संस्था नहीं थी। लेकिन अब हाल ही में हुए नगर निगम चुनावों के बाद निर्वाचित पार्षदों की मौजूदगी में ही बजट पेश किया गया है।
महापौर रितु तावड़े ने कहा कि अब निगम की कार्यप्रणाली पूरी तरह पारदर्शी होकर जनता के सामने आ रही है। उन्होंने यह भी बताया कि कई कॉरपोरेट्स और जनप्रतिनिधियों ने मुंबई से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर अपने सुझाव दिए थे और उनमें से जितना संभव हो सका, उन्हें इस बजट में जगह देने की कोशिश की गई है।











