मैनपुर के जंगल में रात में भी मुठभेड़, ओड़िशा स्टेट कमेटी का सचिव भास्कर ढेर, अब तक 8 के शव मिले

Anti Naxal Operation

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच में जबरदस्त मुठभेड़ हो रही है। इस मुठभेड़ में अब तक 10 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। मुठभेड़ में 1 करोड़ का ईनामी नक्सली भी मारा गया है। नक्सली कमांडर मनोज उर्फ मॉडेम बालकृष्ण उर्फ भास्कर की मारे जाने की खबर है। 8 नक्सलियों के शव फोर्स ने बरामद कर लिए हैं।

गरियाबंद के मैनपुर की मटाल के जंगल में यह मुठभेड़ ह़ुई। मुठभेड़ के दौरान ही बारिश हुई। इस मुठभेड़ में मारा गया बालकृष्ण उर्फ भास्कर भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी (माओवादी) के ओड़िशा स्टेट कमेटी का सचिव था। इस मुठभेड़ में ओडिशा स्टेट कमेटी के सदस्य प्रमोद उर्फ पाड़न्ना के भी मारे जाने की खबर है। प्रमोद पर 40 लाख का इनाम था।

मैनपुर के जंगल में अब भी करीब 6 नक्सली फंसे हुए हैं, इसलिए फायरिंग फिर से शुरू कर दी गई है।

रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा भी गरियाबंद पहुंच गए हैं। IG अमरेश मिश्रा ने thelens.in से कहा कि करीब 8 शव मिले हैं। अभी भी गंभीर फायरिंग जारी है। मृत नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है। IG और गरियाबंद SP निखिल राखेचा लगातार जवानों के सम्पर्क में हैं।

मैनपुर के जंगल में बड़ी संख्या में नक्सलियों के जमा होने की सूचना के बाद फोर्स रवाना हुई थी। सर्चिंग से वापस आते वक्त फोर्स और नक्सलियों का आमना सामना हुआ और मुठभेड़ शुरू हुई। इस मुठभेड़ में अब तक नक्सलियों के 8 शव बरामद करने के अलावा पांच से अधिक ऑटोमेटिक वेपन एके -47,  इंसास, एसएलआर और भरी तादाद में विस्फोटक बरामद किए गए हैं।

जंगल में आईईडी लगे होने की आशंका के चलते अभी सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया है। सुबह फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।

इस नक्सल ऑपरेशन के बाद केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट कर बड़ी उपलब्धि बताया। अमित शाह ने लिखा, ‘नक्सलियों के विरुद्ध हमारे सुरक्षा बलों ने आज एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। छत्तीसगढ़ में CRPF की कोबरा कमांडो, छत्तीसगढ़ पुलिस और DRG ने जॉइंट ऑपरेशन चलाकर ₹1 करोड़ के इनामी सीसीएम मोडेम बालकृष्णा उर्फ मनोज सहित 10 कुख्यात नक्सलियों को मारा गिराया है। समय रहते बचे-खुचे नक्सली भी आत्मसमर्पण कर दें। आगामी 31 मार्च से पहले लाल आतंक का समूल नाश निश्चित है।’

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now