रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ईद मिलादुन्नबी (Eid Milad-un-Nabi) के जुलूस के दौरान विवाद के बाद एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। तात्यापारा चौक में जुलूस देखने पहुंचे 25 वर्षीय अजहर को बीच-बचाव करना भारी पड़ गया। आरोप है कि ईदगाहभाठा निवासी आरिफ ने पहले उसके दोस्त के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। अजहर ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए पेट में चाकू मार दिया।
पुलिस के मुताबिक घटना बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे तात्यापारा चौक की है। अजहर अपने दोस्त गुलाम आदिल और अमन खान के साथ ईद मिलादुन्नबी के मौके पर निकले मुख्य जुलूस को देखने पहुंचा था। इसी दौरान ईदगाहभाठा की ओर से जुलूस तात्यापारा चौक पहुंचा। बताया गया कि आरोपी आरिफ भी जुलूस में शामिल था।
अजहर ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि आरिफ ने उसके दोस्त गुलाम आदिल से बिना किसी वजह के अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसके साथ मारपीट करने लगा।
अजहर के मुताबिक, वह अपने दोस्त को बचाने के लिए बीच में गया और आरिफ से मारपीट का कारण पूछते हुए आदिल को छुड़ाने लगा। आरोप है कि इस दौरान आरिफ ने अजहर से भी गाली-गलौज की और उसे जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरिफ ने अपने पास रखे चाकू से अजहर के पेट पर वार कर दिया। हमले में अजहर घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू की है।
पुरानी रंजिश में युवक की कमर में घोंपा चाकू
रायपुर में चाकूबाजी की दूसरी घटना मुजगहन थाना क्षेत्र में सामने आई है। यहां पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी मनोज साहू उर्फ गन्नू (25) ने विवाद के दौरान अमन बघेल (28) पर चाकू से हमला किया। आरोप है कि मनोज ने अमन की कमर में चाकू घोंप दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मुजगहन पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने घेराबंदी कर करीब दो घंटे के भीतर मनोज साहू को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर जब्त किया गया है।








