छत्तीसगढ़ में पूर्व सीएम का नेता प्रतिपक्ष पर हमला, बोले- CM पर बोलने से क्यों बचते हैं महंत

June 23, 2025 8:53 PM
Bhupesh Baghel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट मैराथन बैठकें ले रहें हैं। कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक में जमकर बवाल हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत पर सीधा हमला किया है। सूत्रों के अनुसार पूर्व सीएम भूपेश ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत CM पर हमला करने से क्यों बचते हैं? महंत कभी खुलकर सरकार के खिलाफ क्यों नहीं बोलते हैं। चरणदास महंत नेता प्रतिपक्ष हैं, सरकार के खिलाफ उन्हें मुखर होना चाहिए।

भूपेश बघेल ने कहा, ‘महंत भैया आप बुरा न मानिएगा, लेकिन जब मैं प्रदेश अध्यक्ष था, तो सरकार के खिलाफ हम लोग मुहिम छेड़े रहते थे। हमने सरकार को खूब बदनाम किया था, लेकिन अब वैसे मुखर होकर सरकार के खिलाफ लड़ाई नहीं लड़ी जा रही है।’

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अन्य नेताओं को भी जमकर घेरा है। उन्होंने कहा, ‘हमारे यहां कोई भी नेता कुछ भी बयान देता है। किसी के खिलाफ कोई भी टिप्पणी करता है, उस कोई कार्रवाई नहीं होती है। राजनांदगांव में एक नेता ने मेरे खिलाफ बयान दिया उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। बल्कि मेरे खिलाफ बयान देने का जिस ब्लॉक अध्यक्ष ने विरोध किया, उसके खिलाफ कार्रवाई कर दी गई। पार्टी में ये कैसा अनुशासन चल रहा है।’

पार्टी में अनुशासन का होना बहुत जरूरी है। हम सभी को एकजुट होकर सरकार के खिलाफ लड़ना होगा। सीएम को टार्गेट करना होगा तभी हम जनता से सीधे जुड़ पाएंगे। अपनी बातों के जनता तक ले जाने के लिए साथ खड़ा होना चाहिए।

चरणदास महंत पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बैठक में दिए बयान पर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा, ‘धरना प्रदर्शन हो रहे, लेकिन पहले मुख्यमंत्री पर सीधे हमला किया जाता था। आज व्यक्तिगत हमला नहीं होता। सत्ता के मुखिया पर कोई सवाल नहीं होता। सत्ता के प्रमुख लोगों पर कोई सवाल नहीं होता।’

बता दें कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट सोमवार दो दिनो के छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे हैं। दो दिनो तक पायलट मैराथन बैठकें करेंगे। इस बैठक में पूर्व सीएम भूपेश बघेल समेत पार्टी के पदाधिकारी शामिल हुए हैं। सबसे पहले पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक हुई। इसमें पार्टी के विधायक, पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और संगठन विभागों के प्रमुख शामिल हुए। इसी बैठक में पार्टी के बड़े नेताओं ने जमकर हंगामा किया और एक दूसरे पर आरोप लगाए हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now