Aliens in the world: पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने हाल ही में एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में ऐसा बयान दिया जिसने पूरी दुनिया को चौंका दिया। 14 फरवरी 2026 को ब्रायन टायलर कोहेन के पॉडकास्ट में लाइटनिंग राउंड के दौरान जब उनसे पूछा गया ‘Are aliens real?’ तो ओबामा ने कहा, ‘वे रियल हैं (They’re real), लेकिन मैंने उन्हें कभी नहीं देखा है और वे एरिया 51 में नहीं रखे गए हैं। वहाँ कोई अंडरग्राउंड फैसिलिटी नहीं है, जब तक कि कोई बहुत बड़ी साजिश न हो जो राष्ट्रपति से भी छिपाई गई हो।’
यह क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई और लोगों में हलचल मच गई। लेकिन अगले ही दिन ओबामा ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया ‘मैं स्पीड राउंड की भावना में था, लेकिन अब साफ कहता हूँ ब्रह्मांड इतना विशाल है कि जीवन की संभावना बहुत ज्यादा है। लेकिन सौर मंडलों के बीच की दूरियां इतनी बड़ी हैं कि एलियंस द्वारा हमसे संपर्क या विजिट करने की संभावना बहुत कम है। मेरे राष्ट्रपति काल में एलियंस के संपर्क का कोई सबूत नहीं मिला।’
ओबामा के अनुसार, भले ही एलियंस सच हों, लेकिन उनके बारे में अभी तक कोई पुख्ता सबूत या लोकेशन उनके सामने नहीं आई है। उन्होंने एरिया 51 की साजिश थ्योरी को मजाकिया अंदाज में खारिज किया।
एरिया 51 अमेरिका का रहस्यमयी बेस
एरिया 51 (Area 51) अमेरिका के नेवादा रेगिस्तान में शीत युद्ध के दौरान बनाया गया एक बेहद गुप्त परीक्षण स्थल है। 1955 से यहाँ U-2, SR-71 जैसे सीक्रेट जासूसी विमानों का टेस्टिंग होता रहा है। इसकी गोपनीयता ने एलियंस और UFO से जुड़ी अफवाहों को जन्म दिया।
NDTV की एक रिपोर्ट में ये तक दावा किया गया कि अमेरिकी राष्ट्रपति एलियंस के संपर्क में हैं और सुपरपावर बनने में उनका हाथ है लेकिन ये सिर्फ किंवदंतियां हैं। 2013 में CIA ने पहली बार आधिकारिक तौर पर एरिया 51 के अस्तित्व को माना, लेकिन UFO दुर्घटनाओं, अजीब प्राणियों या कृत्रिम लैंडिंग से पूरी तरह इनकार किया। आज भी यहाँ एडवांस्ड सैन्य विमानों और ड्रोन की टेस्टिंग होती है।
UAP/UFO जांच – पेंटागन की रिपोर्ट क्या कहती है?
इन दिनों UFO को Unidentified Ariel Phenomena (UAP) कहा जाता है। पेंटागन ने All-domain Ariel Resolution Office (AARO) बनाया है जो इन मामलों की जांच करता है। अमेरिकी कांग्रेस ने कानून पास किए हैं ताकि सरकार ज्यादा जानकारी सार्वजनिक करे। पेंटागन की 2024 रिपोर्ट में साफ लिखा है ‘कोई एलियन टेक्नोलॉजी, रिवर्स इंजीनियरिंग, या एक्स्ट्राटेरेस्ट्रियल ओरिजिन का कोई सबूत नहीं मिला है।’ 2023-2024 में 757 UAP केस जांचे गए, ज्यादातर ड्रोन, वेदर बालून या सेंसर गड़बड़ी थे। कोई एलियन कनेक्शन नहीं पाया गया।
ओबामा के पुराने बयान और मजाकिया अंदाज
यह पहली बार नहीं है। 2015 में ‘जिमी किमेल लाइव’ शो में ओबामा ने मजाक में कहा था कि एलियंस इंसानों पर सख्त नियंत्रण रखते हैं और राज खोलने नहीं देंगे। जानकार कहते हैं कि ओबामा का अंदाज हमेशा से मजाकिया रहा है और इसे आधिकारिक पुष्टि नहीं माना जाना चाहिए।
SETI और NASA की लेटेस्ट स्टडी
अभी तक पृथ्वी के बाहर जीवन का कोई पक्का सबूत नहीं मिला है। SETI@Home प्रोजेक्ट (1999-2020) में लाखों लोगों ने हिस्सा लिया। Arecibo Observatory से मिले रेडियो सिग्नलों की जांच की गई, 21 साल में 12 अरब+ सिग्नल्स मिले, अब चीन के FAST टेलीस्कोप से 100 संभावित सिग्नल्स की जांच हो रही है।
NASA की अगस्त 2025 स्टडी ने बताया कि हमारे Deep Space Network से मंगल रोवर/ऑर्बिटर को भेजे सिग्नल स्पेस में फैल जाते हैं। Earth-Mars alignment के दौरान पिछले 20 सालों में 77% समय कोई दूर का ऑब्जर्वर इन्हें पकड़ सकता है, रैंडम से लाखों गुना ज्यादा चांस! यह SETI के लिए नई रणनीति सुझाती है।
NASA की रिटायर्ड एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स कहती हैं “ब्रह्मांड में अरबों तारे हैं, हमारी धरती सिर्फ एक छोटा ग्रह है। इसलिए जीवन जरूर है, ये पक्का है!”
भारत का नजरिया
ISRO चेयरमैन एस सोमनाथ ने 2024-2025 में कई इंटरव्यूज में कहा ‘एलियंस ब्रह्मांड में हैं इसमें कोई शक नहीं। अगर कोई सिविलाइजेशन हमसे 1000 साल आगे है, तो उन्होंने हमें विजिट जरूर किया होगा, लेकिन प्रूफ नहीं है।’ वे कहते हैं ‘मैं खुश रहूँगा अगर हम कभी उनसे न मिलें।’ सोमनाथ मानते हैं कि एलियन लाइफ अलग जेनेटिक्स और प्रोटीन से बनी हो सकती है।
सोशल मीडिया पर अफवाहें हैं कि डोनाल्ड ट्रंप जुलाई 2026 में एलियंस पर बड़ा खुलासा कर सकते हैं। लेकिन ओबामा ने साजिश थ्योरी को खारिज किया। फिलहाल NASA सिग्नल्स भेज रही है, ISRO स्पेस एक्सप्लोरेशन बढ़ा रही है, और दुनिया SETI से खोज जारी रखे हुए है। बराक ओबामा का पहला बयान ब्रह्मांड की विशालता पर था कि जीवन संभव है। दूसरा बयान सच था कि कोई संपर्क नहीं, कोई सबूत नहीं। शायद कभी जवाब मिले, लेकिन अभी तक प्रूफ जीरो है। आप क्या सोचते हैं? एलियंस सच में हैं या सिर्फ संभावना?











