संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए दिल्ली में जुटेंगे देशभर के लेखक और कलाकार, जारी होगा साझा घोषणापत्र

नई दिल्ली। देशभर के लेखक, कवि, कलाकार और संस्कृतिकर्मी 28 नवंबर को ‘हम भारत के लोग’ के बैनर तले दिल्ली (Delhi) में एक राष्ट्रीय समवाय में जुटेंगे। डॉ. राजेंद्र प्रसाद रोड स्थित जवाहर भवन में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में देश के मौजूदा हालात, अभिव्यक्ति की आजादी और भारत की साझी सांस्कृतिक विरासत को लेकर चर्चा होगी।

45 लोगों की अपील से शुरू हुई पहल, अब 500 से ज्यादा जुड़े

आयोजकों के मुताबिक, इस पहल की शुरुआत 45 लेखकों, कलाकारों और बुद्धिजीवियों की एक साझा अपील से हुई थी। इसका मकसद संविधान में निहित स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व के मूल्यों की रक्षा करना है। अब तक देशभर से 500 से ज्यादा लोग इस मुहिम से जुड़ चुके हैं। इनमें अलग-अलग भाषाओं और समुदायों के फिल्मकार, संगीतकार, रंगकर्मी, चित्रकार और सांस्कृतिक कार्यकर्ता शामिल हैं।

अरुंधति रॉय से नेहा सिंह राठौर तक होंगी शामिल

कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक चलने वाले पहले सत्र का संचालन अपूर्वानंद करेंगे। इसमें अशोक वाजपेयी, अरुंधति रॉय, मृदुला गर्ग, एमके रैना, एनएस माधवन, हुसैन हैदरी, श्रुति चक्रवर्ती, दक्षिण छारा, अरण्यानी भारव, मल्लिका साराभाई, मन्नू कोहली, गणेश देवी, रफिया वली, अमरीश मिश्रा और मंजिल मिस्टिक शामिल होंगे।

दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक चलने वाले दूसरे सत्र में अनीता भारती, हिमांशु सिंह, प्रलयन, काजी नील, खालिद जावेद, अरुण कमल, सैयदा हमीद, धीबा नजीर, अनुज लुगुन, जॉय सेनगुप्ता, हेमलता माहेश्वरी, नेहा सिंह राठौर, गौहर रजा, युसरा नकवी, निधीश त्यागी और हैदर सैफ अपनी बात रखेंगे।

हमला सिर्फ संविधान पर नहीं, संस्कृति और आजादी पर भी: अशोक वाजपेयी

26 नवंबर को प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में वरिष्ठ कवि अशोक वाजपेयी ने कहा कि हमला सिर्फ संविधान पर नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति और लोगों की आजादी पर भी हो रहा है। उन्होंने इस आयोजन को एक लंबी साझा कोशिश की शुरुआत बताया।

समवाय के दौरान एक साझा घोषणापत्र जारी किया जाएगा, जिसमें लोकतांत्रिक मूल्यों और देश की बहुलतावादी सांस्कृतिक पहचान के प्रति प्रतिबद्धता जताई जाएगी। आयोजकों का कहना है कि इस जुटाव के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों और कला विधाओं से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाने की कोशिश की जा रही है। कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now