थाईलैंड के फुकेट में भीषण आग से 11 लोगों की मौत, बाइक स्टोर में लगी आग से फैला जहरीला धुआं

लेंस डेस्क। Thailand के प्रसिद्ध पर्यटन द्वीप फुकेट में सोमवार तड़के एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 17 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जिस इमारत में यह हादसा हुआ, उसके ग्राउंड फ्लोर पर किराए पर मोटरसाइकिल देने वाली एक दुकान थी और ऊपरी मंजिलों पर आवासीय कमरे बने हुए थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग लगने से कुछ देर पहले इमारत के पास लगे एक बिजली ट्रांसफॉर्मर में जोरदार धमाका हुआ था।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, आग सुबह करीब दो बजे भड़की थी और दमकलकर्मियों ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया। राहत की बात यह है कि शुरुआती जानकारी में किसी विदेशी पर्यटक के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। यह इमारत फुकेट के पश्चिमी तट पर स्थित मशहूर पातोंग बीच के पास एक कस्बे में मौजूद है।

फुकेट के गवर्नर चोडनारिन कोएडसोम ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद बताया कि ग्राउंड फ्लोर की दुकान में करीब सौ मोटरसाइकिलें खड़ी थीं। इसके अलावा वहां गैस, इंजन ऑयल, टायर और प्लास्टिक का भारी सामान भी रखा हुआ था। इन ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग ने बेहद कम समय में विकराल रूप ले लिया और पूरी इमारत में घना व जहरीला धुआं भर गया।

अधिकारियों ने बताया कि आग की लपटें और धुआं फैलने पर जान बचाने के लिए इमारत में मौजूद लोग ऊपरी मंजिलों की ओर भागे। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक शव तीसरी मंजिल पर मिला, जबकि दस शव पांचवीं मंजिल से बरामद किए गए। फिलहाल पुलिस और फोरेंसिक टीम आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि थाईलैंड में चार महीने के भीतर यह दूसरा बड़ा अग्निकांड है। इससे पहले बारह जुलाई को राजधानी बैंकॉक के चातुचक जिले स्थित एक बार में आग लगने से सत्ताईस लोगों की जान चली गई थी और तिरसठ लोग घायल हुए थे। उस हादसे में भी शुरुआती जांच के दौरान बिजली के सर्किट ब्रेकर में खराबी और धमाके की बात सामने आई थी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now