Chandrashekhar-Owaisi alliance: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन का ऐलान किया है। इस गठबंधन का नाम ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ रखा गया है। दोनों नेताओं ने गुरुवार को लखनऊ में संयुक्त प्रेसवार्ता कर यह घोषणा की।
ओवैसी ने कहा कि यूपी में मुख्यमंत्री पद का चेहरा चंद्रशेखर आजाद होंगे। उन्होंने बताया कि गठबंधन प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा। उनका लक्ष्य भाजपा को चुनौती देने वाला मजबूत विकल्प बनना है।
40 प्रतिशत वोट बैंक पर नजर
यूपी में मुस्लिम आबादी करीब 19 प्रतिशत और दलित आबादी 21 प्रतिशत है। गठबंधन इन दोनों समुदायों के लगभग 40 प्रतिशत वोटों को अपने पक्ष में लाने की कोशिश करेगा। इससे समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के पारंपरिक वोट बैंक पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह कोई तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि पहला मजबूत मोर्चा है। उन्होंने बड़े गठबंधनों में शामिल होने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें कमजोर समझा गया। उन्होंने दावा किया कि यह मोर्चा 2027 के चुनाव में सत्ता परिवर्तन करेगा।
विपक्ष और सरकार दोनों पर निशाना
ओवैसी ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वे विरासत की राजनीति करते हैं। उन्होंने पूछा कि क्या अखिलेश की गाड़ी पर कभी गोली चली या उन्हें खुद गोली लगी। ओवैसी ने चंद्रशेखर की पीठ में गोली लगने का जिक्र करते हुए कहा कि कांच के महलों में रहने वाले लोग आम आदमी की मुश्किलें नहीं समझ सकते।
योगी आदित्यनाथ सरकार पर सवाल करते हुए ओवैसी ने मतदाता सूची से नाम कटने के आंकड़ों पर आपत्ति जताई। उन्होंने मुख्यमंत्री से विस्तार से सूची जारी करने की मांग की। चंद्रशेखर ने सरकार पर आरोप लगाया कि पिछले साढ़े नौ साल में बहुजन समाज सुरक्षित नहीं रहा। उन्होंने झूठे एनकाउंटर, बुलडोजर कार्रवाई, स्कूल बंद होने, आरक्षण पर रोक और बहुजन महापुरुषों की मूर्तियों के टूटने जैसे मुद्दे उठाए। किसानों की आय दोगुनी करने के वादे पर भी उन्होंने सवाल किया।
उन्होंने दलित उत्पीड़न की कई घटनाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि खुद को पीडीए का हितैषी बताने वाले विपक्षी नेता इन मामलों पर चुप रहे।
कांग्रेस की प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेता आसिम वकार ने गठबंधन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि ओवैसी पहले अखिलेश और राहुल गांधी से मुसलमान मुख्यमंत्री बनाने की बात कहते थे, अब खुद चंद्रशेखर को सीएम चेहरा घोषित कर दिया है।
चंद्रशेखर ने बताया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस पर लखनऊ के माता रमाबाई मैदान में ‘बहुजन समाज महासम्मेलन महारैली’ आयोजित की जाएगी। रैली के बाद गठबंधन अपना घोषणापत्र जारी करेगा। उन्होंने ओवैसी को ‘असद भाई’ कहकर रैली में शामिल होने का निमंत्रण दिया। दोनों नेताओं ने कहा कि भविष्य में मीडिया और जनता के सवालों के जवाब दिए जाएंगे। गठबंधन का फोकस सामाजिक न्याय, आरक्षण की सुरक्षा और बहुजन हितों पर रहेगा।











