नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Kejriwal) तथा उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले एक अज्ञात व्यक्ति ने दोनों की जान बचाने के बदले 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है।
दिल्ली के तिलक नगर विधानसभा से AAP विधायक जरनैल सिंह ने इस मामले में पंजाब पुलिस से शिकायत की। उनकी शिकायत के आधार पर मोहाली के SAS नगर स्थित साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है।
ताजा जानकारी के अनुसार यह धमकी फर्जी निकली है।पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल को मिली जान से मारने की धमकी का मामला फर्जी निकला है। पंजाब पुलिस के शीर्ष सूत्रों का कहना है कि इस धमकी को गंभीर नहीं माना जा रहा है. मामले में जिस शख्स को पकड़ा गया है, वह हरियाणा के रोहतक का रहने वाला रिटायर्ड क्लर्क है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसका लॉरेंस बिश्नोई गैंग या किसी गैंगस्टर से कोई संबंध नहीं है।
शिकायत के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति ने जरनैल सिंह को फोन किया और उनके निजी WhatsApp नंबर पर धमकी भरा मैसेज भी भेजा। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और कहा कि केजरीवाल तक यह बात पहुंचा दें कि उन्हें 7 करोड़ रुपये देने होंगे। ऐसा न करने पर अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता की हत्या कर दी जाएगी।
जरनैल सिंह ने SAS नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को दी शिकायत में कहा कि यह गंभीर सुरक्षा चिंता का विषय है, क्योंकि केजरीवाल देश के प्रमुख राजनीतिक नेताओं में शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अज्ञात व्यक्ति ने एक जनप्रतिनिधि होने के नाते उनके पद का इस्तेमाल कर केजरीवाल और उनके परिवार को धमकी दी और फिरौती की मांग की।
FIR के मुताबिक, मामले की जांच इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है। पुलिस तकनीकी जांच भी कर रही है। जरनैल सिंह ने मामले की गहन जांच की मांग की है। उन्होंने पुलिस से कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), IP लॉग और धमकी भेजने में इस्तेमाल मोबाइल फोन की लोकेशन जांच करने को कहा, ताकि आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी हो सके। साथ ही उन्होंने केजरीवाल और उनकी बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।










