नई दिल्ली। आठवें वेतन आयोग (8th Pay Commission) के तहत सैलरी बढ़ने का इंतजार कर रहे लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ी खबर है। नए वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने और बढ़ी हुई सैलरी मिलने में अभी लंबा समय लग सकता है। आयोग की रिपोर्ट मई 2027 तक आने की उम्मीद है। इसके बाद केंद्र सरकार वेतन बढ़ोतरी, फिटमेंट फैक्टर और एरियर के भुगतान पर अंतिम फैसला लेगी। ऐसे में कर्मचारियों को नई सैलरी 2027 की दूसरी छमाही या उसके बाद मिल सकती है। हालांकि, राहत की बात यह है कि नया वेतन 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होने की उम्मीद है। अगर सरकार इस तारीख को मंजूरी देती है, तो कर्मचारियों को बकाया राशि यानी एरियर भी मिल सकता है।
केंद्र सरकार ने 3 नवंबर 2025 को आठवें वेतन आयोग का गठन किया था। आयोग को अपनी सिफारिशें तैयार करने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। इस हिसाब से आयोग मई 2027 तक अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप सकता है।
आयोग केंद्रीय कर्मचारियों, रक्षा कर्मियों, अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों और केंद्र शासित प्रदेशों के कर्मचारियों के वेतन और भत्तों की समीक्षा करेगा। इसके अलावा न्यायिक अधिकारियों और संबंधित सरकारी संस्थानों के कर्मचारियों के वेतन, पेंशन और अन्य सुविधाओं को लेकर भी सिफारिशें की जाएंगी।
आयोग की रिपोर्ट आने के बाद भी कर्मचारियों के खातों में तुरंत बढ़ी हुई सैलरी नहीं पहुंचेगी। पहले सरकार सिफारिशों की समीक्षा करेगी। इसके बाद यह आकलन किया जाएगा कि वेतन और पेंशन बढ़ाने से सरकारी खजाने पर कितना अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
सरकार को फिटमेंट फैक्टर, वेतन बढ़ोतरी और एरियर के भुगतान पर भी फैसला लेना होगा। इस पूरी प्रक्रिया में समय लग सकता है। यही वजह है कि नई सैलरी 2027 के आखिरी महीनों या उसके बाद लागू होने की संभावना जताई जा रही है।
देश में आमतौर पर हर 10 साल में नया वेतन आयोग लागू करने की परंपरा रही है। सातवां वेतन आयोग 1 जनवरी 2016 से प्रभावी हुआ था। इसी आधार पर आठवें वेतन आयोग के लिए 1 जनवरी 2026 की तारीख महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
अक्टूबर 2025 में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आठवें वेतन आयोग की शर्तों को मंजूरी देते समय भी 1 जनवरी 2026 से इसकी सिफारिशें प्रभावी होने की उम्मीद जताई थी।
अगर सरकार इस तारीख को मंजूरी देती है, तो नया वेतन लागू होने तक कर्मचारियों की पुरानी और संशोधित सैलरी के बीच का अंतर एरियर के रूप में दिया जा सकता है। हालांकि, एरियर की अवधि और भुगतान का तरीका सरकार के अंतिम फैसले पर निर्भर करेगा।
आठवें वेतन आयोग के तहत कर्मचारियों की सैलरी कितनी बढ़ेगी, इसे लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। वेतन बढ़ोतरी में फिटमेंट फैक्टर की अहम भूमिका होगी। आयोग की सिफारिशों और सरकार की मंजूरी के बाद ही यह साफ होगा कि कर्मचारियों की बेसिक सैलरी और पेंशन में कितना इजाफा होगा।
फिलहाल कर्मचारियों और पेंशनर्स को आयोग की रिपोर्ट का इंतजार करना होगा। 1 जनवरी 2026 से नया वेतन प्रभावी होने और एरियर मिलने की संभावना जरूर है, लेकिन इस पर सरकार की अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है।











