राइस मिल में 17 साल के किशोर की मौत, तीन हफ्ते बाद भी जांच मर्ग डायरी में अटकी

छत्तीसगढ़ | बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा में एक राइस मिल (Rice Mill) में काम करने वाले 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत के बाद आरोप है कि काम के दौरान एक अन्य मजदूर ने किशोर के गुदाद्वार में वैक्यूम प्रेशर मशीन से हवा भर दी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान 20 अक्टूबर को रायपुर के एक निजी ओम साई अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना सिमगा थाना क्षेत्र के चंदेरी स्थित एम.ए फूड प्रोडक्ट्स राइस मिल की है। मामले में पुलिस को शिकायत दी गई है। वहीं, शिकायतकर्ता ने सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराते हुए मिल प्रबंधन और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।

सिमगा थाना प्रभारी की ओर से 8 नवंबर को भेजे गए पत्र के मुताबिक, मृतक किशोर पास के गांव का रहने वाला था और चंदेरी स्थित राइस मिल में मजदूरी करता था। शिकायत में बताया गया है कि 18 अक्टूबर की रात करीब दो से तीन बजे के बीच मिल में काम करने के दौरान एक अन्य मजदूर ने कथित तौर पर उसके गुदाद्वार में वैक्यूम प्रेशर मशीन का नोजल लगाकर चला दिया। इससे किशोर की आंतें और शरीर अंदर से फूल गया
परिजन उसे इलाज के लिए पहले सिमगा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर तिल्दा के ओम अस्पताल ले गए। हालत बिगड़ता देख उसे रायपुर के ओम अस्पताल रेफर किया गया, जहां 20 अक्टूबर को इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पत्र के अनुसार, रायपुर की डीडी नगर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद मर्ग से संबंधित दस्तावेज सिमगा पुलिस को भेजे गए। हालांकि, किशोर की मौत की वास्तविक वजह और घटना की पूरी परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।

इस मामले में बाल श्रम को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मृतक की उम्र महज 17 साल थी और उससे राइस मिल में रात के समय काम कराया जा रहा था और साथ ही मिल के बहार स्पष्ट रूप से लिखा है “इस परिसर में बाल श्रमिक कार्यरत नहीं है”, इसके बावजूद 17 वर्षीय नाबालिक फैक्ट्री परिसर के अंदर मध्य रात्रि क्या कर रहा था? इस वजह से शिकायत में मिल प्रबंधन और ठेकेदार की भूमिका की जांच करने की मांग की गई है।
क्योकि अब जांच का विषय ये भी है कि किशोर को किसने काम पर रखा था, उसकी ड्यूटी किस समय लगाई गई थी और क्या श्रम कानूनों का पालन किया जा रहा था?

द लेंस से बातचीत में सिमगा पुलिस ने कहा- रायपुर से मर्ग डायरी आने का इंतजार

इस मामले में द लेंस के पत्रकार आशीष गुप्ता ने सिमगा थाना पुलिस से बात कर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना सिमगा की राइस मिल में हुई थी, लेकिन किशोर ने रायपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ा। इसलिए पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में हुई है। अधिकारी के मुताबिक, वहां से मर्ग डायरी मिलने के बाद ही सिमगा पुलिस आगे की जांच करेगी। इसके बाद परिजनों के बयान लिए जाएंगे और मिल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे। हालांकि, डायरी कब तक मिलेगी, इसका जवाब अधिकारी नहीं दे सके। उन्होंने यह भी कहा कि परिजनों ने अब तक सिमगा थाने में सीधे कोई शिकायत नहीं की है। ऐसे में घटना के करीब तीन हफ्ते बाद भी जांच आगे नहीं बढ़ पाने पर सवाल उठ रहे हैं।

मामले में शिकायतकर्ता विकास सिंह चौहान ने मिल प्रबंधन और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में कंपनी के डायरेक्टर अजय सचदेव और जयेश सचदेव की भूमिका की भी जांच करने को कहा गया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर कुछ लोगों की ओर से आर्थिक प्रलोभन दिए जाने की बात भी कही गई है।
फिलहाल मिल प्रबंधन, संबंधित ठेकेदार और जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनका पक्ष सामने नहीं आया है।

स्थानीय स्तर पर कार्रवाई से असंतुष्ट शिकायतकर्ता ने सीएम हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय और संबंधित विभागों से मामले में हस्तक्षेप की मांग की गई है।
8 नवंबर को सिमगा थाना प्रभारी की ओर से पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि शिकायत से संबंधित मर्ग डायरी प्राप्त होने के बाद आगे की जांच की जाएगी। पत्र में यह भी उल्लेख है कि मामले में संबंधित लोगों की भूमिका और घटना की परिस्थितियों की जांच की जानी है।

सीसीटीवी फुटेज और श्रमिकों के रिकॉर्ड की जांच की मांग

शिकायतकर्ता ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इसके लिए मिल में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग, कर्मचारियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड, ठेकेदार से जुड़े दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच करने को कहा गया है।
मामले में सबसे अहम सवाल यह है कि 17 वर्षीय किशोर राइस मिल में रात के समय किन परिस्थितियों में काम कर रहा था और मशीन से जुड़ी घटना कैसे हुई। साथ ही मिल में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम थे, इसकी भी जांच जरूरी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories