लेंस डेस्क। आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को दिल्ली एयरपोर्ट (Delhi Airport)पर करीब तीन घंटे तक रोका गया। पार्टी के अनुसार, फ्रांस से लौटने के बाद अधिकारियों ने उनके खिलाफ 50 हजार रुपये का चालान भी काट दिया। AAP नेताओं का कहना है कि अधिकारियों ने ऊपर से दबाव का हवाला देते हुए यह कार्रवाई की। दिल्ली के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जैसे दशहरे पर रावण का घमंड टूटा था, वैसे ही केंद्र सरकार का अहंकार भी टूटना चाहिए।
क्या है पूरा मामला ?
भगवंत मान 17 से 21 अक्टूबर तक पेरिस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फूड ट्रेड एग्जीबिशन SIAL 2026 में शामिल हुए थे। इस दौरे का मकसद पंजाब के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ावा देना बताया गया। केंद्र सरकार ने पहले सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए दौरे की अनुमति नहीं दी थी। पंजाब सरकार ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की। कोर्ट ने 16 अक्टूबर को मुख्यमंत्री को फ्रांस जाने की अनुमति दे दी।
AAP के आरोप
पंजाब AAP के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने वीडियो पोस्ट कर दावा किया कि शुरू में अधिकारियों ने सामान आने या जांच में देरी का बहाना बनाया। जब सामान गाड़ी में लोड होने लगा और मुख्यमंत्री रवाना होने वाले थे, तभी चालान काट दिया गया। पन्नू ने आरोप लगाया कि पेरिस में भारतीय काउंसल जनरल मुख्यमंत्री से मिलने नहीं आए। उन्होंने केंद्र पर पंजाब के साथ भेदभाव करने और विकास कार्यों में बाधा डालने का भी आरोप लगाया।
AAP का कहना है कि केंद्र ने मुख्यमंत्री की विदेश यात्राओं की अनुमति पहले भी कई बार रोकी है। पार्टी ने किसानों को दिल्ली सीमा पर लंबे समय तक रोकने और पंजाब के फंड जारी न करने जैसे मुद्दों का भी जिक्र किया। केंद्र सरकार या दिल्ली एयरपोर्ट अधिकारियों की तरफ से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।











