संजय सिंह का छत्तीसगढ़ सरकार पर बड़ा हमला, बोले- ‘सरकार हाइजैक हो गई, दिल्ली से चल रहा शासन’

रायपुर। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह (Sanjay Singh) ने रविवार को रायपुर में प्रेसवार्ता कर छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ की सरकार को ‘हाइजैक’ कर लिया गया है और प्रदेश की सरकार केंद्र के इशारे पर चल रही है। संजय सिंह ने पेसा कानून, आदिवासी अधिकार, पेपर लीक, महिला आरक्षण और UGC समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।

संजय सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की परिस्थितियां ठीक नहीं हैं। उनका आरोप है कि प्रदेश की सरकार को हाइजैक कर लिया गया है और इसे देश के गृहमंत्री चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज और छत्तीसगढ़ के लोगों का हक मारा जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री आदिवासी समाज से आते हैं, लेकिन अडानी और मोदी की ओर से उनके पास संदेश आते हैं।’

AAP सांसद ने प्रदेश में पेसा कानून के कथित उल्लंघन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पेसा कानून का मखौल उड़ाया जा रहा है और आदिवासी समाज इससे नाराज है।

संजय सिंह ने कहा कि अगर सरकार को नकटी में विधायक कॉलोनी बनाना है तो उसे कब्जे और विस्थापन की बजाय उचित प्रक्रिया अपनानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में आम लोगों और आदिवासी समाज के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है।

उन्होंने प्रदेश की व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यहां ‘पैसा कानून’ चल रहा है।

पेपर लीक को लेकर भाजपा शासित राज्यों पर निशाना

पेपर लीक के मुद्दे पर संजय सिंह ने भाजपा शासित राज्यों को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि देश में लगातार पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं और भाजपा शासित राज्यों में भी ऐसे मामले हुए हैं।

उन्होंने सवाल किया कि जब भाजपा शासित राज्यों में पेपर लीक होता है तो वहां विपक्ष उस तरह का आंदोलन क्यों नहीं करता, जैसा विपक्षी दलों द्वारा दूसरे राज्यों में किया जाता है?

संजय सिंह ने छत्तीसगढ़ में पुलिस भर्ती परीक्षा से जुड़े विवाद का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी के मामलों में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

उन्होंने UPSC अभ्यर्थियों से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि परीक्षा में सवाल और उनके उत्तर को लेकर भी सवाल उठे हैं और कुछ अभ्यर्थी न्याय के लिए सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं।

महिला आरक्षण पर बोले- ‘आज से ही लागू करो’

महिला आरक्षण के मुद्दे पर संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी महिला आरक्षण के समर्थन में है, लेकिन इसे भविष्य के लिए टालने के बजाय तत्काल लागू किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विधानसभा में अभी से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जा सकता है। उन्होंने परिसीमन के बाद सीटों की संख्या बढ़ाने की चर्चा पर सवाल उठाते हुए पूछा कि नई सीटों का निर्धारण कौन करेगा?

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने राजनीतिक हितों के हिसाब से सीटों की संख्या बढ़ाने की कोशिश कर रही है।

संजय सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ऐसा नहीं चाहती, क्योंकि उनके मुताबिक भाजपा ‘झगड़ा कराने वाली पार्टी’ है।

‘सॉफ्ट तरीके से BJP का विपक्ष नहीं बन सकते’

छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी के संगठन को लेकर संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में पार्टी का विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि AAP अब सरकार के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाएगी।

उन्होंने कहा, ‘सॉफ्ट तरीके से बीजेपी का विपक्ष नहीं बन सकते। मुखरता को अपनाकर आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी।’

संजय सिंह ने कहा कि अब छत्तीसगढ़ की जनता को तय करना है कि उसका भविष्य किसके हाथों में सुरक्षित है।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories