‘न जवाब, न जिम्मेदारी, न शर्म’, CBSE पेपर चेकिंग गड़बड़ी मामले में राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना

Rahul Gandhi

नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने CBSE 12वीं कक्षा के परिणामों में हुई गड़बड़ी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि परीक्षा परिणामों में भारी हेर-फेर हुई है, जिससे लाखों छात्र और उनके अभिभावक सदमे में हैं। राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, ‘मोदी जी हमेशा की तरह चुप हैं – न जवाब, न जिम्मेदारी, न शर्म।’ उन्होंने आरोप लगाया कि CBSE ने On-Screen Marking (OSM) का ठेका COEMPT नाम की कंपनी को दिया, जो पहले Globarena के नाम से जानी जाती थी। इस कंपनी पर 2019 में तेलंगाना में भी इसी तरह की गड़बड़ी का आरोप लगा था। राहुल ने पूछा कि इतिहास जानते हुए भी इस कंपनी को 18.5 लाख बच्चों का भविष्य सौंपने का फैसला किसने और क्यों लिया?

राहुल गांधी के सवाल

राहुल गांधी ने सरकार से कई सवाल पूछे हैं:
COEMPT को ठेका किसके दबाव या सिफारिश पर दिया गया?
कंपनी के बैकग्राउंड चेक क्यों नहीं किए गए?
COEMPT प्रबंधन और मोदी सरकार के बीच क्या संबंध हैं?

उन्होंने मांग की है कि इस पूरे मामले की स्वतंत्र न्यायिक जांच और SIT गठित की जाए। राहुल गांधी ने कहा, ‘ये गलती नहीं, बल्कि सोचा-समझा षड्यंत्र है। हम इस भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ फेंकेंगे।’ दरअसल CBSE के OSM सिस्टम को लेकर पिछले कुछ दिनों से छात्रों में काफी आक्रोश है। कई छात्रों का आरोप है कि उनकी आंसर शीट की स्कैन कॉपी धुंधली थी और सही जवाब देने के बावजूद कम नंबर दिए गए। राहुल गांधी ने छात्रों को आश्वासन देते हुए कहा कि उनकी मेहनत किसी के द्वारा चुराई नहीं जा सकेगी।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now