पटियाला। पंजाब कांग्रेस के संगठनात्मक अभियान ‘हर बूथ, कांग्रेस मजबूत’ कार्यक्रम के दौरान शनिवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों ने उनके समर्थन में जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। उस समय पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। लगातार नारेबाजी के कारण कार्यक्रम कुछ समय के लिए बाधित हो गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल, सांसद अमर सिंह, वरिष्ठ नेता ब्रह्म मोहिंद्रा सहित कई प्रमुख नेता मौजूद थे। राजा वड़िंग ने कार्यकर्ताओं से कई बार अनुशासन बनाए रखने और कार्यक्रम को शांतिपूर्वक चलने देने की अपील की, लेकिन कुछ समय तक नारेबाजी जारी रही। बाद में वरिष्ठ नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई और कार्यक्रम आगे बढ़ सका।
‘चन्नी लियाओ, पंजाब बचाओ’ जैसे नारों से गूंजा कार्यक्रम स्थल
कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने ‘चरणजीत सिंह चन्नी जिंदाबाद’, ‘चन्नी तेरी सोच ते पहरा देंगे ठोक के’ और ‘चन्नी लियाओ, पंजाब बचाओ’ जैसे नारे लगाए। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब शुक्रवार को ही पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने राज्य कांग्रेस में किसी भी तरह की गुटबाजी से इनकार करते हुए संगठन की एकजुटता का दावा किया था।
2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक एकता पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान और नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं को हवा दे दी है। पार्टी नेतृत्व लगातार 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने की बात कर रहा है, लेकिन कार्यक्रम के दौरान हुई नारेबाजी ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कार्यकर्ताओं ने हाईकमान से की नेतृत्व पर स्पष्ट फैसला लेने की मांग
कार्यक्रम में शामिल कई कार्यकर्ताओं ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन रहा है, लेकिन संगठनात्मक फैसलों में जमीनी कार्यकर्ताओं की राय को नजरअंदाज करना पार्टी के लिए नुकसानदायक हो सकता है। कुछ कार्यकर्ताओं ने हाईकमान से चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने की मांग की, जबकि अन्य ने राज्य संगठन की कमान किसी अनुभवी नेता को सौंपने की वकालत की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि आगामी चुनाव से पहले नेतृत्व को लेकर स्पष्टता और संगठनात्मक एकजुटता पार्टी के लिए बेहद जरूरी होगी।










