कश्मीर में छत्तीसगढ़ के मजदूरों पर आतंकी हमला, दो की मौत

Terrorist Attack

नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर एक बार फिर आतंकी हमला (Terrorist Attack) हुआ है। के कुलगाम जिले के केल्लर इलाके में हुआ, जहां अज्ञात आतंकवादियों ने दो गैर-स्थानीय मजदूरों पर गोलियां चलाईं। दोनों मजदूर की मौत हो गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के मजदूरों पर हमला हुआ है। सक्ती जिले के रहने वाले दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भुपिंदर भैना कुलगाम में एक ईंट भट्‌टे में काम कर रहे थे, जहां आतंकियों ने नाम पूछकर गोली मारी है। इसमें अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में दीपक की मौत हो गई। वहीं, भुपिंदर ने अस्पताल में ईलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हमले के बाद, सुरक्षा बलों और पुलिस ने हमलावरों को पकड़ने के लिए इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया। घटना की आगे की जांच जारी है। विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की, जिसमें छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया।

उपराज्यपाल ने एक पोस्ट में कहा, ‘कुलगाम में हुए क्रूर आतंकवादी हमले के बाद, जिसमें छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की मौत हो गई, मैंने डीजीपी श्री नलिन प्रभात और शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों से बात की। मैं इस कायरतापूर्ण कृत्य की कड़ी निंदा करता हूं। मैंने अपने सुरक्षा बलों को अपने अभियान तेज करने और आतंकवादियों को खत्म करने का निर्देश दिया है।’

उपराज्यपाल ने आगे लिखा, ‘जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है और अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए अभियान शुरू किया है। छत्तीसगढ़ के एक अन्य घायल मजदूर को तत्काल चिकित्सा देखभाल के लिए अस्पताल ले जाया गया है। मेरी गहरी संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। जम्मू-कश्मीर प्रशासन और पूरा देश पीड़ितों के परिवारों के साथ खड़ा है।’

इस घटना के बाद देर रात छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘कश्मीर के कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक श्रमिक की दुखद मृत्यु एवं एक श्रमिक के घायल होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है।‘

मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, ‘घायल श्रमिक का स्थानीय अस्पताल में समुचित इलाज जारी है। अधिकारियों को इस संदर्भ में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मृतक श्रमिक को विनम्र श्रद्धांजलि एवं घायल श्रमिक के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना।’

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now