नई दिल्ली। NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुणे की सीनियर बॉटनी टीचर मनीषा गुरुनाथ मंडारे को गिरफ्तार किया है। मनीषा गुरुनाथ NTA की एक्सपर्ट टीचर थी। अब सीबीआई मनीषा मंडारे को बायोलॉजी पेपर लीक का मास्टरमाइंड मान रही है।
CBI के मुताबिक मनीषा मंडारे पर आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से पहले छात्रों तक बायोलॉजी पेपर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे और कितने छात्रों तक प्रश्नपत्र पहुंचाया गया।
इस मामले में इससे पहले केमिस्ट्री एक्सपर्ट पीवी कुलकर्णी की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। CBI का दावा है कि कुलकर्णी लंबे समय तक NEET पेपर तैयार करने वाले पैनल से जुड़ा रहा था और उसे प्रश्नपत्रों तक सीधी पहुंच थी।
जांच एजेंसी को शक है कि पेपर लीक का यह नेटवर्क संगठित तरीके से काम कर रहा था, जिसमें अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञ शामिल थे। CBI अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे रैकेट की परतें खोलने की कोशिश कर रही है।
NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों के बाद यह मामला और गंभीर होता जा रहा है।









