राजधानी में नाराज पत्नी से ससुराल मिलने आए जीजा ने दो सालियों पर चला दी गोली, दोनों की मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोवा और पंडरी इलाके में मंगलवार को पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घरेलू विवाद के चलते बाउंसर जीतेंद्र वर्मा ने अपनी दो सालियों पर लाइसेंसी पिस्टल से गोली चला दी, जिसमें एक युवती की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरी ने ईलाज का दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार यह घटना ऊषा प्राइड कमर्शियल रेजिडेंशियल बिल्डिंग के पास, अपोलो मेडिकल स्टोर के नजदीक हुई। मौके पर ही मरने वाली मृतका की पहचान गीतांजलि वर्मा उर्फ जया के तौर पर हुई है। वहीं अस्पताल में दम तोड़ने वाली दुर्गेश्वरी है।

घटना स्थल।

जानकारी में सामने आया है कि आरोपी जीतेंद्र वर्मा का उसकी पत्नी खिलेश्वरी वर्मा से कुछ विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बाद खिलेश्वरी अपने मायके आ गई थी। मायके आकर पत्नी ने बात नहीं की, जिससे आरोपी गुस्से में अपने ससुराल आ गया।

ससुराल में पत्नी नहीं मिली। वह अपनी बड़ी बहन के घर गई हुई थी। उसने अपनी पत्नी और एक वर्ष के मासूम बच्चे के बारे में पूछा तो दोनों सालियों ने बताने से मना कर दिया। वह मिलने की जिद कर रहा था। सालियों ने नहीं बताया तो उसने विवाद शुरू कर दिया। विवाद के दौरान आरोपी जितेंद्र वर्मा ने अपनी दोनों सालियों पर गोली चला दी।

गीतांजली के सिर पर गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

गोली चलाने के बाद वह भागने लगा और सड़क पर भी फायरिंग की। लोगों ने उसे घेरकर पकड़ने की कोशिश की लेकिन आरोपी ने थाने में जाकर सरेंडर कर दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

इसी मकान में हुआ है गोलीकांड।

घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर सहित पंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र वर्मा को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने लाइसेंसी हथियार से वारदात को अंजाम दिया।

शुरुआती पूछताछ में यह पता चला है कि वह पत्नी से इतना नाराज था कि वह अपनी पत्नी को मारने के इरादे से ही लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया था।

इस गोलीकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आखिर विवाद इतना गंभीर कैसे हुआ कि मामला गोलीबारी तक पहुंच गया।

यह भी पढ़ें: रायपुर ग्रामीण में बड़ी लूट: ज्वेलरी स्टोर के मैनेजर पर हमला, करीब 1 करोड़ के गहने-नकदी ले उड़े बदमाश

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now