रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर पॉइंट (Blue Water) में दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे 24 साल के युवक को पानी में तैरने की शर्त लगाना भारी पड़ गया। एक-दूसरे से आगे निकलने के चक्कर में दो दोस्त गहरे पानी में उतर गए, लेकिन एक युवक बाहर नहीं निकल सका।
देखें वीडियो
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। रात होने और पानी की गहराई अधिक होने के कारण SDRF की टीम रात में सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं कर सकी। अब सुबह करीब 5:30 बजे युवक की तलाश शुरू की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, मौदहापारा निवासी आदिल खान (24) बुधवार शाम अपने तीन दोस्तों के साथ नकटी स्थित ब्लू वाटर पॉइंट पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में एक तरफ से दूसरी तरफ तैरकर पहुंचने की शर्त लगी। आदिल और उसका दोस्त तौफिक शर्त के बाद पानी में कूद गए।

तौफिक तो किसी तरह बाहर निकल आया, लेकिन आदिल गहरे पानी में डूब गया। दोस्तों ने उसे तलाशने की कोशिश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
रात में नहीं हो सका रेस्क्यू, सुबह चलेगा सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलने पर माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति की जानकारी ली।
पुलिस ने SDRF से संपर्क किया। टीम ने मौके की स्थिति का जायजा लिया, लेकिन अंधेरा होने और पानी काफी गहरा होने के कारण रात में सर्च ऑपरेशन करना सुरक्षित नहीं माना गया। अब सुबह करीब 5:30 बजे SDRF की टीम आदिल की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू करेगी।
पहले भी हो चुके हैं कई हादसे
नकटी का ब्लू वाटर पॉइंट लंबे समय से लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा है, लेकिन यहां गहरे पानी के कारण हादसों का खतरा भी बना रहता है। यहां पहले भी डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद लोग अक्सर पानी की गहराई और खतरे को नजरअंदाज कर अंदर चले जाते हैं।
प्रशासन की ओर से यहां अलर्ट बोर्ड भी लगाया गया है, जिसमें लोगों को पानी में जाने से सावधान किया गया है।











