महिला आरक्षण पर पलटवार की तैयारी… अब जनता के बीच कांग्रेस जाकर बताएगी कि ‘भाजपा सरकार ही महिला विरोधी’

Congress

रायपुर। लोकसभा में 131वें संविधान संशोधन विधेयक गिरने के बाद देश की राजनीति में महिला आरक्षण का मुद्दा गरमा गया है। भाजपा अब कांग्रेस (Congress) को महिला विरोधी बताने के अभियान में जुटी है। वहीं अब कांग्रेस ने भी जवाबी रणनीति तैयार कर ली है। ब्लॉक, मंडल और वार्ड कमेटी के जरिए पार्टी अब बूथ, वार्ड और मोहल्ला स्तर तक पहुंचकर जनता को समझाएगी कि कांग्रेस महिला विरोधी नहीं, बल्कि भाजपा और उसकी सरकारें हैं।

इसी रणनीति के तहत शुक्रवार को छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने राजधानी रायपुर में संगठन और विधायकों की मैराथन बैठक ली। दिनभर चली बैठकों में उन्होंने पहले कांग्रेस विधायकों से वन-टू-वन चर्चा की और संगठन तथा जनप्रतिनिधियों के बीच तालमेल को लेकर फीडबैक लिया। इसके बाद जिला कांग्रेस अध्यक्षों, फिर ब्लॉक अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं।

मिली जानकारी के अनुसार बैठकों में सचिन पायलट का सबसे बड़ा फोकस महिला आरक्षण मुद्दे पर भाजपा के राजनीतिक नैरेटिव का जवाब तैयार करना रहा। पायलट ने पदाधिकारियों से कहा कि भाजपा सुनियोजित तरीके से कांग्रेस को महिला विरोधी बताने का दुष्प्रचार कर रही है, जबकि सच्चाई इसके उलट है। इसलिए अब कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को बताएंगे कि महिला आरक्षण को लेकर भाजपा की नीयत साफ नहीं है।

बैठक में यह बात प्रमुखता से कही गई कि कांग्रेस ने वर्ष 2023 में महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन किया था, लेकिन भाजपा और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने इस कानून को तत्काल लागू करने के बजाय परिसीमन और जनगणना से जोड़ दिया। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा ने महिलाओं को अधिकार देने के बजाय इसे चुनावी मुद्दा बनाकर टालने की कोशिश की।

पार्टी सूत्रों के अनुसार जल्द ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी इस मुद्दे पर व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगी। बूथ और वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी कि वे आम लोगों, खासकर महिला मतदाताओं तक पहुंचें और बताएं कि महिला सम्मान और राजनीतिक भागीदारी की लड़ाई कांग्रेस ने हमेशा लड़ी है।

भाजपा द्वारा विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने और सड़क पर आंदोलनकारी तेवर दिखाने के बीच कांग्रेस अब सीधे जनता के बीच उतरकर राजनीतिक मुकाबला करने की तैयारी में है। आने वाले दिनों में महिला आरक्षण मुद्दा छत्तीसगढ़ की राजनीति का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है।

केंद्र सरकार पर महंगाई नियंत्रित नहीं कर पा रही है : पायलट

छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट ने रायपुर दौरे के दौरान केंद्र सरकार पर महंगाई को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी आम लोगों, छोटे व्यापारियों और होटल-रेस्टोरेंट व्यवसाय से जुड़े लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। कांग्रेस लगातार महंगाई के मुद्दे पर जनता की आवाज उठाती रहेगी।

सचिन पायलट से जब पूछा गया कि क्या उन्होंने आज छत्तीसगढ़ कांग्रेस विधायकों से वन-टू-वन मुलाकात की है, तो उन्होंने कहा कि संगठनात्मक विषयों पर चर्चा पार्टी का आंतरिक मामला है और समय-समय पर जनप्रतिनिधियों व नेताओं से संवाद होता रहता है।

वहीं, छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री राम विचार नेताम के इस बयान पर कि कांग्रेस विधायक पार्टी बदलने वाले हैं, इसलिए सचिन पायलट बैठक के लिए छत्तीसगढ़ आए हैं, उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस तरह के निराधार बयान देकर भ्रम फैलाने का काम करती है। कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और संगठन को मजबूत करने के लिए नियमित बैठकें होती रहती हैं।

आज सामाजिक कार्यकर्ता आलोक शुक्ला ने भी सचिन पायलट से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों को लेकर चर्चा हुई। छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक संसाधनों, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय अधिकारों के विषय पर दोनों के बीच बातचीत हुई।

यह भी पढ़ें: राम विचार नेताम ने कहा – कांग्रेसी विधायक टूटने वाले हैं इसलिए प्रभारी आए, सचिन पायलट का जवाब – छत्तीसगढ़ के विधायक एकजुट

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now