रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और छत्तीसगढ़ कांग्रेस (Chhattisgarh Congress) प्रभारी सचिन पायलट ने रायपुर दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री राम विचार नेताम कहा कि कांग्रेस विधायक पार्टी बदलने वाले हैं, इसलिए सचिन पायलट बैठक के लिए छत्तीसगढ़ आए हैं। इस पर सचिन पायलट ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस तरह के निराधार बयान देकर भ्रम फैलाने का काम करती है। कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और संगठन को मजबूत करने के लिए नियमित बैठकें होती रहती हैं।
कांग्रेस विधायकों से वन-टू-वन मुलाकात सचिन पायलट ने कहा कि संगठनात्मक विषयों पर चर्चा पार्टी का आंतरिक मामला है और समय-समय पर जनप्रतिनिधियों व नेताओं से संवाद होता रहता है।
कांग्रेस महासचिव ने केंद्र सरकार पर महंगाई को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी आम लोगों, छोटे व्यापारियों और होटल-रेस्टोरेंट व्यवसाय से जुड़े लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। कांग्रेस लगातार महंगाई के मुद्दे पर जनता की आवाज उठाती रहेगी।
कांग्रेस विधायकों से की वन-टू-वन चर्चा
प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने राजधानी रायपुर में कांग्रेस विधायकों के साथ मैराथन बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी विधायकों से वन-टू-वन मुलाकात कर संगठन, क्षेत्रीय स्थिति और पार्टी समन्वय पर फीडबैक लिया।
बैठक में प्रभारी ने विधायकों से खास तौर पर पूछा कि संगठन सृजन की प्रक्रिया में उनकी बात सुनी गई या नहीं और संगठन व जनप्रतिनिधियों के बीच तालमेल किस स्तर पर है। यह पहली बार है जब प्रदेश प्रभारी सभी विधायकों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर सीधे राय ले रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, हर विधायक से अलग-अलग चर्चा में उनके विधानसभा क्षेत्र की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, स्थानीय समीकरण और संगठन की मजबूती जैसे मुद्दों पर बातचीत की गई।
इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मौजूद नहीं थे। वे दुर्ग स्थित कांग्रेस भवन में मजदूर दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर भी रायशुमारी
बैठक में महिला विधायकों और अन्य विधायकों से महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर भी रायशुमारी की गई। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस पद के लिए संजारी बालोद की विधायक संगीता सिन्हा का नाम सबसे ऊपर चल रहा है और उन्हें मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
विधायकों से चर्चा पूरी हो गई है और अब प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट नव-निर्वाचित जिला अध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों से भी बैठक करेंगे, ताकि संगठन की जमीनी स्थिति का व्यापक आकलन किया जा सके।
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि चुनाव में अभी समय है, लेकिन पार्टी ने अभी से संगठनात्मक रिपोर्ट कार्ड तैयार करना शुरू कर दिया है, ताकि आने वाले समय में बेहतर रणनीति के साथ मैदान में उतरा जा सके।
हसदेव बचाओ मंच के संयोजक से मिले पायलट
आज सामाजिक कार्यकर्ता आलोक शुक्ला ने भी सचिन पायलट से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों को लेकर चर्चा हुई। छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक संसाधनों, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय अधिकारों के विषय पर दोनों के बीच बातचीत हुई।










