केरल में बीजेपी का वादा:  बुजुर्गों को पेंशन, गरीबों को साल में दो सिलेंडर

Kerala Assembly Elections

तिरुवनंतपुरम। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मंगलवार को केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग/एनडीए) का घोषणापत्र जारी किया। ‘विकसित केरलम विजन’ नाम से जारी इस दस्तावेज में कल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं, बुनियादी ढांचे के विकास और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर जोर दिया गया है।

घोषणापत्र में गरीब परिवारों की महिलाओं, विधवाओं और 70 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रति माह 3,000 रुपये की कल्याणकारी पेंशन देने का वादा किया गया है। इसके अलावा गरीब और बीपीएल परिवारों की महिलाओं को ‘भक्ष्य आरोग्य सुरक्षा कार्ड’ के माध्यम से हर महीने 2,500 रुपये का सीधा लाभ पहुंचाने का प्रस्ताव है। गरीब परिवारों को साल में दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर (एक ओणम और एक क्रिसमस के अवसर पर) उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई है।

राजग ने राज्य में पहला अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) स्थापित करने का वादा दोहराया है। स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत पीएम-जेएवाई योजना को पूरे केरल के सभी निवासियों तक विस्तार देने और घर-घर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने की भी योजना है। हर परिवार को प्रतिमाह 20,000 लीटर मुफ्त पेयजल उपलब्ध कराने का वादा भी शामिल है।

नितिन नबीन ने तिरुवनंतपुरम में एनडीए कार्यक्रम के दौरान घोषणापत्र जारी करते हुए कहा कि यह दस्तावेज केवल वादों का पुलिंदा नहीं, बल्कि केरल को भ्रष्टाचार-मुक्त, पारदर्शी और विकासोन्मुख बनाने का रोडमैप है। कार्यक्रम में केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और गठबंधन के अन्य सहयोगी दलों के नेता मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now