अब कांग्रेस पर ही छत्तीसगढ़ में वोट चोरी का आरोप, डिप्टी CM ने पूर्व मंत्री पर साधा निशाना, कहा – फर्जी वोटर्स जाएंगे जेल

Vote Chori

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस पर वोट चोरी (Vote Chori) का सनसनीखेज आरोप लगाया है। नया रायपुर के सर्किट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कवर्धा में 20 मतदाताओं के नाम जारी करते हुए मोहम्मद अकबर पर निशाना साधा।

उन्होंने दावा किया कि 75 वर्ष की आयु का एक शख्स कवर्धा में फॉर्म 6 भरकर मतदाता बनता है, जबकि वह पहले से ही रायपुर का मतदाता था। इसके साथ ही विजय शर्मा ने कहा कि सभी फर्जी वोटर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।

विजय शर्मा ने पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर पर सीधा हमला बोला और कहा कि रायपुर के निवासियों को न केवल रायपुर बल्कि कवर्धा में भी फर्जी तरीके से मतदाता बनाया गया। अगर कांग्रेस देश के अन्य हिस्सों में वोट चोरी का जो दावा कर रही है, अगर उसे सही मानती है तो छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस ने वोट चोरी किया है।

डिप्टी सीएम और कवर्धा से विधायक विजय शर्मा ने यह आरोप ऐसे समय में लगाया, जब आज ही कांग्रेस वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान को धार देने के लिए बिलासपुर में बड़ी रैली कर रही है। इस रैली में पूर्व सीएम भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, पीसीसी अध्‍यक्ष दीपक बैज समेत सभी बड़े नेता पहुंचे हैं।

डिप्टी सीएम ने बताया कि फॉर्म 6 के जरिए रायपुर के ज्यादातर लोगों को कवर्धा में वोटर बनाया गया। उन्होंने इसे कांग्रेस की साजिश करार देते हुए कहा, ‘वोट चोर का आरोप लगाने वाली कांग्रेस ही असल में वोट चोर निकली।’

विजय शर्मा ने कहा कि जिन 20 लोगों के नाम हमने दिए हैं, उनमें से कई ने फार्म 6 भरकर अपना नाम कवर्धा विधानसभा में जुड़वाया है। इनमें से कई के एपिक नंबर अलग-अलग हैं। तीन-तीन जगहों पर नाम दर्ज हैं। एक व्यक्ति का नाम तीन बूथ में अलग-अलग एपिक नंबर सै है।

कर्नाटक और महाराष्ट्र में वोट चोरी के आरोपों पर डिप्टी सीएम ने कहा कि जिसे राहुल गांधी वोट चोरी कह रहे हैं, वही काम तो छत्तीसगढ़ में हुआ है। मैं साक्ष्य दिखा रहा हूं। मतदाता सूचि में इस तरह की गड़बड़ियां न हो, इसलिए तो SIR कराया जा रहा है। मैं तो कहता हूं कि छत्तीसगढ़ में भी एसआईआर हो, ताकि मतदाता शुद्धिकरण हो। लोकतंत्र में मतदाता शुद्धिकरण बेहद जरूरी है।

यह भी पढ़ें : कांग्रेस का बड़ा खुलासा, विधायक मूणत और संपत का नाम 2-2 विधानसभा क्षेत्रों में, चुनाव आयोग की वेबसाइट से संपत का शपथ पत्र हटने का दावा

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now