कोलकाता। दक्षिण कोलकाता (Kolkata) के तारातला इलाके में बुधवार दोपहर एक निर्माणाधीन गोदाम की छत अचानक ढह गई। हादसे में अब तक 5 मजदूरों की मौत हो चुकी है जबकि 50 से 55 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू टीम ने अब तक 13 लोगों को बाहर निकाल लिया है, जिनमें से 9 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा कैसे हुआ?
तारातला थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर स्थित ब्रेस ब्रिज के पास गोदाम का निर्माण कार्य चल रहा था। दोपहर करीब 1:30 बजे मजदूर कंक्रीट ढलाई का काम कर रहे थे तभी छत का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा।
हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूरों को बचने का समय तक नहीं मिला। घटना स्थल पर भारी मलबा और लोहे की छड़ें बिखरी हुई हैं। बचाव दल मलबा हटाने, क्रेन और गैस कटर की मदद से फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है।
रेस्क्यू अभियान जारी
कोलकाता पुलिस, डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप (DMG), सिविल डिफेंस, फायर ब्रिगेड और भारतीय सेना की टीमें मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में लगी हुई हैं। अब तक 13 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। एक फंसे मजदूर ने दर्द से कराहते हुए कहा, ‘मेरा पैर काट लो, लेकिन मुझे बचा लो।’ स्थानीय युवक अंकित सिंह ने इस मजदूर की लोकेशन बताकर रेस्क्यू में अहम मदद की।
सरकार की प्रतिक्रिया
राज्य सरकार ने हादसे पर गंभीरता दिखाते हुए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
1070, 8697981070, 033-22143526 / 22535185
मंत्री अग्निमित्रा पॉल और कौशिक चौधरी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है। यह हादसा एक बार फिर कोलकाता समेत देशभर में निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है।








