सीमा पर हालात बिगड़ने को विदेश मंत्रालय की स्वीकारोक्ति, रक्षा मंत्रालय के पाले में फेंकी गेंद

नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय (Ministry of External Affairs) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 23 अक्टूबर 2026 को कहा कि भारत-चीन सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखना दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के समग्र विकास के लिए आवश्यक है।

जब उनसे अरुणाचल प्रदेश में LAC के हालात पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि जब चीनी सेना स्थापित गश्त के तौर-तरीकों से अलग हटती है, तो सीमा क्षेत्रों की स्थिति समय-समय पर बिगड़ती है। अरुणाचल प्रदेश में LAC पर भारत-चीन की सेना में झड़पों को लेकर ITBP DG के बयान पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि विस्तृत विवरण के लिए आप रक्षा मंत्रालय से जानकारी ले सकते हैं।

दरअसल, ITBP DG शत्रुजीत कपूर ने 22 अक्टूबर को कहा था कि हाल के दिनों में अरुणाचल प्रदेश में सीमा पर कई स्थानों पर भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच आमना-सामना हुआ है और स्थिति अभी भी जारी है। कपूर ने राजस्थान के अलवर स्थित ITBP के एक बेस पर बल के जवानों को संबोधित करते हुए कहा था, “पिछले कुछ दिनों में अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों पर आमने-सामने होने की स्थिति पैदा हुई और यह अभी भी जारी है।”

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत और चीन वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर लंबित मुद्दों को सुलझाने तथा गलतफहमी और किसी भी तरह की गलत गणना से बचने के लिए मौजूदा राजनयिक और सैन्य तंत्रों का इस्तेमाल जारी रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने बेहतर सीमा प्रबंधन के लिए LAC की समझ को बेहतर बनाने के तरीकों पर उचित क्षेत्रों में चर्चा करने पर भी सहमति जताई है। जायसवाल ने जोर देकर कहा कि सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखना द्विपक्षीय संबंधों के समग्र विकास के लिए बेहद जरूरी है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर के अजरबैजान दौरे को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जयशंकर ने 23 अक्टूबर को बाकू में अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। जायसवाल ने बताया कि विदेश मंत्री ने राष्ट्रपति अलीयेव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की राष्ट्रपति की ओर से शुभकामनाएं भी दीं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now