Germany के गुरुद्वारे में हिंसक झड़प, चाकू-कृपाण चले, 11 लोग घायल

लेंस न्यूज | Germany के मोर्स शहर के डुइसबर्ग इलाके में स्थित एक गुरुद्वारे में हुई हिंसक झड़प में 11 लोग घायल हो गए हैं। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में लोग एक-दूसरे पर चाकू और कृपाण से हमला करते दिख रहे हैं। जर्मन अखबार ‘बिल्ड’ के मुताबिक, इस झड़प में करीब 40 लोग शामिल थे। हालात बिगड़ने पर पुलिस को बड़े स्तर पर कार्रवाई करनी पड़ी। मौके पर विशेष पुलिस टीम भी तैनात की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि झड़प के दौरान धारदार हथियारों के साथ मिर्च स्प्रे और बंदूक का भी इस्तेमाल किया गया। 56 साल के एक श्रद्धालु ने ‘बिल्ड’ को बताया, ‘हमला अचानक हुआ। पूजा शुरू होने से ठीक पहले कुछ लोगों ने मिर्च स्प्रे कर दिया। फिर एक व्यक्ति ने पिस्तौल से गोली चलाई। मैंने चाकू भी देखे।’

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद गुरुद्वारे के नए निदेशक मंडल के चुनाव और फंड मैनेजमेंट को लेकर था। गुरुद्वारे के कोष पर कई समूह अपना दावा कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, पूर्व और मौजूदा बोर्ड सदस्यों के बीच लंबे समय से मतभेद चल रहे थे। मुख्य विवाद अंतिम फैसला लेने के अधिकार को लेकर था। हमला शुरू होते ही कई श्रद्धालु घबराकर बाहर भाग गए।

इस घटना में घायल हुए 11 लोगों का मौके पर ही इलाज किया गया। पुलिस ने एक संदिग्ध को हथकड़ी लगाकर गिरफ्तार किया है। आपराधिक जांच विभाग अब पता लगा रहा है कि हमला किसने किया। अभी तक हथियार बरामद नहीं हुआ है फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now