सेल की राजहरा माइंस में ग्रामीणों का प्रदर्शन: वेस्ट मटेरियल से खेती और आस्था स्थल पर नुकसान पहुंचने का आरोप

Rajhara Mines

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दल्लीराजहरा क्षेत्र स्थित राजहरा कोकान माइंस (Rajhara Mines) में शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। इलाके के जमुरवा गांव समेत आसपास के क्षेत्रों के 50 से अधिक ग्रामीण पहाड़ी माइंस तक पहुंचकर धरने पर बैठ गए। दल्ली राजहरा की ये माइंस सेल के भिलाई इस्पात संयंत्र की आयरन ओर माइंस है।

ग्रामीणों ने बताया कि वे साल्हे पंचायत की सरपंच संगीता नेताम के नेतृत्व में जंगल के रास्ते माइंस क्षेत्र तक पहुंचे और माइनिंग प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि माइनिंग कंपनी द्वारा ग्राम पंचायत साल्हे के आश्रित ग्राम जमुरवा की जमीन पर वेस्ट मटेरियल (डस्ट) डाला जा रहा है। इससे खेती को भारी नुकसान हो रहा है और आसपास का पर्यावरण भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि धूल और अपशिष्ट के कारण फसलें खराब हो रही हैं और जीवन यापन मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि करीब 12 गांवों की आस्था का केंद्र ‘राजाराव बाबा’ देवस्थल को भी माइंस के ठेकेदार द्वारा वेस्ट मटेरियल से दबाया जा रहा है। इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और आक्रोश बढ़ गया है।

बताया जा रहा है कि कोकान माइंस का ठेका देव माइनिंग कंपनी के पास है, जिस पर यह आरोप लगाए गए हैं।

भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर धरने पर डटे हुए हैं। मौके पर भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के अधिकारी, पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान तैनात हैं और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।

ग्रामीणों की मांग है कि माइंस में डस्ट डालने पर तत्काल रोक लगाई जाए और हुए नुकसान की भरपाई की जाए। फिलहाल प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बातचीत जारी है, लेकिन हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में माहौल गरमाया हुआ है और स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now