मैड्रिड। स्पेन (Spain) में बढ़ते मकान किराए, आवास की कमी और महंगाई के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। बुधवार को लाखों कर्मचारियों की आम हड़ताल के बाद राजधानी मैड्रिड और बार्सिलोना समेत कई शहरों में लोग सड़कों पर उतर आए। तेज बारिश के बावजूद मैड्रिड में करीब 1.20 लाख लोगों ने प्रदर्शन किया, जबकि बार्सिलोना में प्रशासन ने 55 हजार प्रदर्शनकारियों की मौजूदगी दर्ज की। आवास संकट को लेकर बढ़ते असंतोष के बीच प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने 29 नवंबर को समय से पहले संसदीय चुनाव कराने का फैसला किया है।

स्पेन में 14 साल बाद हुई पहली आम हड़ताल में कर्मचारियों ने वेतन, आवास और बढ़ती कीमतों को प्रमुख मुद्दा बनाया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आम लोगों की कमाई का बड़ा हिस्सा किराए में खर्च हो रहा है, जिससे रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। बार्सिलोना में प्रदर्शनकारी ‘सिर्फ गुजारा नहीं, जीने का अधिकार’ लिखे बैनर लेकर निकले। हालांकि, आवास अधिकार संगठनों ने दावा किया कि शहर में प्रदर्शनकारियों की संख्या चार लाख तक पहुंच गई थी।
ज्यादातर प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे, लेकिन बार्सिलोना में कुछ युवकों ने दुकानों के शीशे तोड़ दिए और कूड़ेदानों में आग लगा दी। पुलिस के पहुंचने पर आतिशबाजी भी की गई। वहीं, मैड्रिड के मर्कामैड्रिड थोक बाजार के बाहर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने पुलिस पर पेपर स्प्रे इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। इसके बाद कम से कम 13 लोगों को चिकित्सा सहायता लेनी पड़ी। हड़ताल में हवाई अड्डों और एयरलाइंस के कर्मचारियों के शामिल होने से कुछ उड़ानें भी प्रभावित हुईं।

स्पेन के केंद्रीय बैंक के अनुमान के मुताबिक, देश में करीब 7.50 लाख मकानों की कमी है। वर्ष 2028 तक यह आंकड़ा 10 लाख से अधिक हो सकता है। स्पेन की युवा परिषद के अनुसार, औसत मासिक किराया 1,176 यूरो है, जो एक युवा की औसत सैलरी के लगभग 99 प्रतिशत के बराबर है। ऐसे में युवाओं के लिए किराए पर रहना भी मुश्किल होता जा रहा है।
इस संकट ने सरकार की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज की वामपंथी सरकार ने किराएदारों को राहत देने के लिए संसद में कानून लाने की कोशिश की थी, लेकिन विपक्ष के विरोध के कारण प्रस्ताव पारित नहीं हो सका। इसके बाद सरकार ने विशेष आदेशों के जरिए कुछ राहत उपायों को मंजूरी दी। संसद में पर्याप्त समर्थन नहीं होने के कारण सांचेज ने समय से पहले चुनाव कराने का फैसला लिया।
मैड्रिड किराएदार संघ की प्रवक्ता एलिसिया डेल रियो ने कहा कि उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक देश की आवास व्यवस्था में बुनियादी बदलाव नहीं होता। उनका कहना है कि मकान लोगों के रहने के लिए होने चाहिए, न कि केवल मकान मालिकों के मुनाफे का जरिया।

आम हड़ताल को लेकर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। सांचेज सरकार ने प्रदर्शन का समर्थन करते हुए इसे लोगों के अधिकारों की लड़ाई बताया है। वहीं, विपक्षी पीपुल्स पार्टी के नेता अल्बर्टो नूनेज फेइखो ने सरकार के रुख पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि सत्ता में रहते हुए विपक्ष के खिलाफ हड़ताल का समर्थन करना समझ से परे है।
इस बीच रेल कर्मचारियों ने भी इस साल हुई दो बड़ी ट्रेन दुर्घटनाओं के बाद रेलवे की सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को लेकर हड़ताल की है। ऐसे में 29 नवंबर के चुनाव से पहले आवास संकट, महंगाई और सार्वजनिक सेवाओं की स्थिति स्पेन की राजनीति के प्रमुख मुद्दे बन गए हैं।










