रायपुर । छत्तीसगढ़ में सर्व आदिवासी समाज ने भाजपा सरकार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। समाज के नेताओं ने 24 नवंबर को रायपुर में हुई प्रदेश स्तरीय बैठक के बाद यह फैसला लिया। आंदोलन 1 दिसंबर से शुरू होगा।
बैठक में आदिवासी प्रतिनिधियों ने साफ कहा कि वे न हिंदू हैं, न मुसलमान, न ईसाई। वे आदिवासी हैं। उन्होंने जनगणना में आदिवासी धर्म का अलग कॉलम शामिल करने की मांग दोहराई।
क्यों महत्वपूर्ण है यह बैठक?
छत्तीसगढ़ की कुल आबादी में लगभग एक-तिहाई हिस्सा आदिवासी समाज का है। प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों में से 29 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। बस्तर में 12 और सरगुजा में 14 सीटें आदिवासी बहुल हैं। राजनीतिक दलों के लिए आदिवासी समाज का समर्थन बेहद अहम माना जाता है।
बैठक में उठाई गई मुख्य तकलीफें और मांगें
सर्व आदिवासी समाज ने 17 सूत्रीय मांगों पर चर्चा की। इनमें प्रमुख मुद्दे ये हैं:
1. जमीन, लीज और डिजिटल रजिस्ट्री
बस्तर और सरगुजा समेत पूरे प्रदेश में जमीन के अवैध अधिग्रहण और डिजिटल रजिस्ट्री का विरोध किया गया। समाज का कहना है कि पीढ़ियों से खेती हो रही जमीन पर उन्हें बाहरी महसूस कराया जा रहा है। डिजिटल रजिस्ट्री तत्काल बंद करने की मांग की गई।
2. विस्थापन और पुनर्वास
सलवा जुडूम के दौरान उजाड़े गए करीब 600 गांवों की स्थिति और विस्थापित परिवारों की वापसी का मुद्दा उठाया गया। ओडिशा, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में रह रहे परिवार अपने गांव लौटना चाहते हैं।
3. शिक्षा और बंद स्कूल
सलवा जुडूम के समय बंद हुए स्कूलों को दोबारा शुरू करने और स्कूलों को कंपनियों को सौंपने की प्रक्रिया रोकने की मांग की गई।
4. पहचान और अधिकार
- जनगणना में आदिवासी धर्म का अलग कॉलम
- पेसा कानून का प्रभावी पालन
- 24 दिसंबर को पेसा दिवस मनाने
- विभाग का नाम वापस आदिम जाति कल्याण विभाग करने
- समान नागरिक संहिता (UCC) का विरोध
- आगामी परिसीमन में अनुसूचित क्षेत्रों की सीटें केवल आदिवासियों के लिए रखने की मांग
5. जेल में बंद निर्दोष ग्रामीण
नक्सल समस्या समाप्त होने के दावों के बीच जेलों में बंद निर्दोष आदिवासी ग्रामीणों की तत्काल रिहाई की मांग की गई।
6. फर्जी प्रमाणपत्र, आरक्षण और आय सीमा
पिछले 25-30 वर्षों से फर्जी जाति प्रमाणपत्रों की जांच, भर्ती-पदोन्नति में 32 प्रतिशत आरक्षण, जनसंख्या के अनुरूप स्थानीय भर्ती और 2.50 लाख रुपये की आय सीमा समाप्त करने की मांग की गई।
7. राष्ट्रीय सम्मेलन और ज्ञापन
6 मार्च को दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय आदिवासी सम्मेलन में भागीदारी और पहले दिए गए ज्ञापनों की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
तीन चरणों का आंदोलन
बैठक में सर्वसम्मति से तीन चरणों का आंदोलन तय किया गया:
- 1 दिसंबर: प्रदेश के हर जिले में नगाड़ा बजाकर सरकार को चेतावनी दी जाएगी और सभी विधायकों को आगाह किया जाएगा।
- 9 दिसंबर: प्रदेश के सभी 90 विधायकों के पुतले फूंके जाएंगे।
- 15 दिसंबर: सर्व आदिवासी समाज विधानसभा का घेराव करेगा।
नेताओं की मौजूदगी
बैठक में सर्व आदिवासी समाज के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बी.एस. रावटे, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम, पूर्व विधायक शिशुपाल सोरी, आर.के. राय, शासकीय सेवक विकास संघ के अध्यक्ष आर.एम. ध्रुव और सर्व आदिवासी समाज के सचिव विनोद नागवंशी सहित कई नेता मौजूद रहे।
मंच से यह संदेश साफ था कि यह लड़ाई किसी एक पार्टी के खिलाफ नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के अस्तित्व, पहचान और अधिकारों की है। जो पार्टी समाज के मुद्दों को गंभीरता से लेगी, समाज उसके साथ खड़ा होगा। अब सवाल यह है कि सरकार इन मांगों पर बातचीत करेगी या आंदोलन आगे बढ़ेगा।











