सोने-चांदी के दामों में जबरदस्त उछाल, जानिए आज का ताज़ा भाव

May 21, 2025 12:59 PM
gold price today

द लेंस डेस्क। today gold price: बुधवार 21 मई को देश में सोने और चांदी की कीमतों में अच्छी-खासी बढ़त देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 24 कैरेट शुद्धता वाले 10 ग्राम सोने का दाम ₹1,645 बढ़कर ₹95,452 हो गया है। इससे पहले यह कीमत ₹93,807 प्रति 10 ग्राम थी।

चांदी की बात करें तो इसमें भी तेज़ उछाल दर्ज हुआ है। एक किलो चांदी का दाम ₹1,775 बढ़कर ₹97,475 तक पहुंच गया है, जो पहले ₹95,800 प्रति किलो था। गौरतलब है कि इससे पहले 21 अप्रैल को सोना ₹99,100 प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था, जबकि चांदी ने 28 मार्च को ₹1,00,934 प्रति किलो की नई ऊंचाई छुई थी।

जनवरी से अब तक 19 हज़ार महंगा हुआ सोना

1 जनवरी 2025 से अब तक सोने के दामों में ₹19,290 की बढ़त हो चुकी है। साल की शुरुआत में सोने की कीमत ₹76,162 प्रति 10 ग्राम थी, जो अब ₹95,452 तक पहुंच गई है। वहीं, चांदी के दामों में भी ₹11,458 का इजाफा हुआ है। इसने ₹86,017 प्रति किलो से बढ़कर ₹97,475 का स्तर छू लिया है। तुलना करें तो पूरे 2024 में सोना कुल ₹12,810 महंगा हुआ था।

साल के अंत तक 1.10 लाख तक जा सकता है सोना

आशंका जताई जा रही है कि साल के अंत तक सोना अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में $3,700 प्रति औंस तक जा सकता है। यदि यही ट्रेंड बना रहता है, तो भारत में 10 ग्राम सोने की कीमत ₹1.10 लाख तक पहुंच सकती है। यह अनुमान प्रसिद्ध विदेशी निवेश बैंक गोल्डमैन सैक्स ने लगाया है।

खरीदते वक्त ध्यान रखें ये ज़रूरी बात

सोना खरीदते समय यह सुनिश्चित करें कि वह ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) से प्रमाणित हो। हर हॉलमार्क गोल्ड पर 6 अंकों का एक यूनिक कोड दर्ज होता है, जिसे हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर (HUID) कहा जाता है। यह कोड अल्फ़ान्यूमेरिक होता है, जैसे – AZ4524। इस कोड के ज़रिए यह पता लगाना संभव होता है कि सोना कितने कैरेट का है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now