नईदिल्ली। तमिलनाडु (Tamil Nadu) में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक हलचल लगातार तेज होती जा रही है। अभिनेता-राजनेता एस जोसेफ विजय यानी कि विजय थलापति की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) बहुमत जुटाने में लगी हुई है, जबकि विपक्षी दलों के बीच जोड़-तोड़ और समर्थन की राजनीति चरम पर पहुंच गई है।
इसी बीच कांग्रेस ने अपने पांच विधायकों को हैदराबाद भेज दिया है। माना जा रहा है कि यह कदम संभावित खरीद-फरोख्त और टूट-फूट को रोकने के लिए उठाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के मेलूर विधायक पी. विश्वनाथन इन विधायकों के समूह का नेतृत्व कर रहे हैं। विश्वनाथन पहले तेलंगाना में AICC प्रभारी भी रह चुके हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यदि TVK सरकार बनती है तो उन्हें मंत्री पद मिल सकता है।
तमिलनाडु की राजनीति में अब सबकी नजर दलाई चिरुतैगल कच्ची (VCK) पर टिकी हुई है। पार्टी आज शाम चार बजे TVK को समर्थन देने या न देने पर औपचारिक घोषणा करेगी। VCK के पास दो विधायक हैं और उसके समर्थन से विजय खेमे का आंकड़ा बहुमत से ऊपर पहुंच जाएगा।
तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है। वीसीके के समर्थन के बगैर टीवीके को 116 विधायकों को समर्थन मिल चुका है।
CPI(M) के महासचिव M. A. Baby ने मदुरै में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि उनकी पार्टी के विधायक TVK सरकार का समर्थन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जनता ने सत्ताधारी दल को नकार दिया है और राज्यपाल को सबसे बड़ी पार्टी या पोस्ट-पोल गठबंधन को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करना चाहिए।
CPI और CPI(M) ने राज्यपाल को पत्र लिखकर TVK को ‘स्थिर और धर्मनिरपेक्ष सरकार’ के लिए बिना शर्त समर्थन देने की जानकारी भी दी है।
विजय और थिरुमावलवन की अहम बैठक
सरकार गठन की कवायद के बीच विजय आज VCK चीफ तोल. तिरुमावलवन से मुलाकात करने वाले हैं। भारी पुलिस सुरक्षा के बीच होने वाली यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस मुलाकात के बाद सरकार गठन की तस्वीर लगभग साफ हो सकती है।
PMK संस्थापक एस रामदास ने राज्यपाल से अपील की है कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थिति को देखते हुए TVK को तुरंत सरकार बनाने का न्योता दिया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और वाम दल पहले ही समर्थन दे चुके हैं और VCK को भी विजय के साथ आना चाहिए।
TVK और AMMK के बीच विवाद गहराया, AIADMK भी सतर्क मोड में
दूसरी ओर टीटीवी दिनकरन ने TVK पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने गुंडी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है कि TVK ने उनके एकमात्र विधायक एस कामराज के कथित ‘फर्जी समर्थन पत्र’ का इस्तेमाल किया।
दिनकरन ने TVK पर हॉर्स राइडिंग और फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। हालांकि अब तक इस मामले में FIR दर्ज नहीं हुई है।
AIADMK के विधायक पुडुचेरी रिसॉर्ट से लौटकर पार्टी प्रमुख के पनालीस्वामी से मिले। पार्टी ने विधायकों को संभावित टूट-फूट से बचाने के लिए रिसॉर्ट में रखा था। अब AIADMK आगे की रणनीति तय करने में जुटी हुई है।
तमिलनाडु की राजनीति में जारी इस उठापटक के बीच अब सबसे बड़ी नजर VCK की घोषणा और राज्यपाल के अगले कदम पर टिकी हुई है।
यह भी पढ़ें: थलापति विजय ने 118 विधायकों के समर्थन का पत्र राज्यपाल को सौंपा, कल 11 बजे लेंगे शपथ









