जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के जांजगीर-चांपा जिले में 10 लाख रुपए की उधारी से जुड़े विवाद में दो लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। पामगढ़ थाना क्षेत्र के पनगांव निवासी राजा खरे उर्फ कमलनाथ खरे पर आरोप है कि उसने कर्ज चुकाने से बचने के लिए अपने परिचित जोहितराम खरे (52) को शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इस दौरान उनके साथ मौजूद बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पार्षद रामखिलावन जांगड़े (55) ने भी वही शराब पी ली। दोनों की 24 अक्टूबर को बिलासपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शेयर ट्रेडिंग में नुकसान के बाद लिए थे 10 लाख रुपए उधार
पुलिस के मुताबिक, राजा खरे को शेयर ट्रेडिंग में बड़ा नुकसान हुआ था। आर्थिक परेशानी के चलते उसने करीब चार महीने पहले निजी क्लिनिक संचालक जोहितराम खरे से 10 लाख रुपए उधार लिए थे। रकम लौटाने के लिए दिए गए बैंक चेक बाउंस हो गए। इसके बाद जोहितराम लगातार अपने पैसे वापस मांग रहे थे। आरोप है कि इसी दबाव से बचने के लिए राजा ने उनकी हत्या की योजना बनाई।
चखना दुकान पर बुलाकर शराब में मिलाया जहरीला पदार्थ
23 अक्टूबर की शाम आरोपी ने जोहितराम को कुटराबोड़ हेलीपैड के पास एक चखना दुकान पर बुलाया। वहां उसने अपने साथी मुकेश कश्यप से शराब मंगवाई। पुलिस का आरोप है कि राजा ने शराब में सुहागा (बोरेक्स) मिलाकर जोहितराम को जबरन पिला दिया। उस समय पार्षद रामखिलावन जांगड़े भी मौजूद थे। उन्होंने भी वही शराब पी ली। कुछ देर बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए बिलासपुर ले जाया गया।
मौत से पहले बेटी को बताई थी पूरी घटना
अस्पताल में भर्ती जोहितराम ने अपनी बेटी मनीषा को बताया था कि राजा खरे ने उन्हें धोखे से कुछ मिला हुआ पेय पदार्थ पिलाया था। दोनों की मौत के बाद पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ की मौजूदगी की बात सामने आई। बेटी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और राजा खरे को हिरासत में लिया।
आरोपी गिरफ्तार, फरार साथी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में राजा खरे ने कर्ज नहीं चुका पाने के कारण हत्या करने की बात स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर घटनास्थल के पास से सुहागा की पुड़िया और शराब की खाली बोतलें बरामद की गई हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, शराब की व्यवस्था करने वाले मुकेश कश्यप की तलाश जारी है। पुलिस मामले में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।









