पंजाब के होशियारपुर में LPG टैंकर हादसा : 4 की मौत, 30 घायल

August 23, 2025 12:11 PM
PUNJAB LPG TANKER BLAST

लेंस डेस्क। पंजाब के होशियारपुर जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। मंडियाला गांव के पास होशियारपुर-जालंधर नेशनल हाईवे पर एक सब्जी से भरी पिकअप गाड़ी ने LPG टैंकर को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से टैंकर में रिसाव हुआ और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग इतनी भयानक थी कि इसने आसपास के 15 दुकानों और 4 घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 4 लोगों की जान चली गई, जबकि 30 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। PUNJAB LPG TANKER BLAST

रात करीब 11:15 बजे मंडियाला गांव के पास यह हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक सब्जी से भरी पिकअप गाड़ी ने टैंकर के नीचे लगे नोजल को टक्कर मारी, जिससे नोजल टूट गए। इसके बाद गैस का रिसाव शुरू हुआ और पलक झपकते ही आग फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के घरों और दुकानों को जलने में कुछ ही सेकंड लगे। हादसे में पिकअप गाड़ी भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

होशियारपुर की SDM गुरसिमरनजीत कौर ने मीडिया को बताया कि घायलों को तुरंत सिविल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा, “इस हादसे से हुए नुकसान की भरपाई सरकार करेगी। हम पीड़ितों के साथ हैं और उनकी हर संभव मदद की जाएगी।” SP मेजर सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है। कुछ लोगों ने आरोप लगाया है कि इलाके में गैस की अवैध बिक्री हो रही थी, जिसके कारण यह टैंकर वहां मौजूद था। पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है। साथ ही हाईवे पर रास्ता साफ करने का काम तेजी से चल रहा है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा भड़क उठा। शनिवार सुबह लोगों ने मुआवजे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर हाईवे पर धरना शुरू कर दिया। SDM के आश्वासन के बाद लोगों ने धरना खत्म किया। इस हादसे के कारण होशियारपुर-जालंधर नेशनल हाईवे अभी भी बंद है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now