ECI में प्रकाश राजपुरोहित बने नए उप चुनाव आयुक्त, अप्रैल 2030 तक संभालेंगे जिम्मेदारी

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) में 2010 बैच के आईएएस अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित को नया उप चुनाव आयुक्त नियुक्त किया है। राजस्थान कैडर के अधिकारी राजपुरोहित की नियुक्ति को कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने मंजूरी दी है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के आदेश के मुताबिक, उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक रहेगा।

रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव रह चुके हैं राजपुरोहित

प्रकाश राजपुरोहित मई 2026 से रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत थे। उनकी नियुक्ति केंद्र सरकार की ओर से संयुक्त सचिव और समकक्ष स्तर के 27 अधिकारियों के फेरबदल का हिस्सा है।

संजय कुमार की वापसी के बाद खाली था पद

चुनाव आयोग में उप चुनाव आयुक्त का यह पद अगस्त 2026 से खाली था। तत्कालीन उप चुनाव आयुक्त संजय कुमार को कार्यकाल पूरा होने से पहले उनके मूल कैडर में वापस भेज दिया गया था। संजय कुमार के पास मतदाता सूची और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) विभाग की जिम्मेदारी थी। उन्होंने ही 24 जून 2025 को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) शुरू करने वाले आदेश पर हस्ताक्षर किए थे।

चुनाव आयोग के IT विभाग में मतभेद की खबरें

राजपुरोहित की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब चुनाव आयोग के IT विभाग के कामकाज को लेकर आंतरिक मतभेद की खबरें सामने आई हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने IT विभाग की फाइलों के निपटारे और जिम्मेदारियों के बंटवारे पर सवाल उठाए थे। संजय कुमार को IT विभाग के प्रभार से हटाने का फैसला भी विवाद का विषय रहा था। अब राजपुरोहित को कौन-कौन से विभाग सौंपे जाएंगे, इस पर नजर रहेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now