लेंस डेस्क। नेपाल के गोरखा जिले में रविवार सुबह बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक बाढ़ आ गई। करीब 35 घर और 6 पुल बह गए। कम से कम 10 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। बाढ़ का पानी सुबह करीब 4 बजे बस्तियों में घुस गया, जिसके बाद लोग सुरक्षित जगहों पर चले गए।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक ऊंचे पहाड़ी इलाके में भूस्खलन से चुन्चुब्री स्यारी नदी का रास्ता बंद हो गया था। पानी जमा होने के बाद अचानक तेज बहाव के साथ नीचे आया। 341 मेगावाट के बूढ़ी गंडकी हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट का निर्माण कैंप और कई मशीनें भी बह गईं। प्रशासन ने सिरदिबास, धारचे और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को SMS भेजकर सुरक्षित जगह जाने की सलाह दी है। ऊपरी इलाके से पानी आरुघाट पहुंचने में करीब तीन घंटे लगते हैं।
इस बाढ़ से बिहार में भी खतरा बढ़ सकता है। बूढ़ी गंडकी आगे त्रिशूली से मिलकर नारायणी (गंडक) नदी बनती है, जो बिहार में पश्चिम चंपारण, गोपालगंज और वैशाली जैसे जिलों से होकर गुजरती है। अभी यह साफ नहीं है कि जलस्तर बढ़ेगा या नहीं। नेपाल में 26 अगस्त को आई पिछली बड़ी बाढ़ में हजारों लोग प्रभावित हुए थे। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन के कारण बिना बारिश के भी ऐसी अचानक बाढ़ आ सकती है।










