लेंस डेस्क। इंडिया ब्लॉक सोमवार 12 अक्तूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार Gyanesh Kumar के खिलाफ दिल्ली में एक और मार्च निकालेगा। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि विपक्षी सांसद जंतर-मंतर भी जा सकते हैं। यह विपक्ष का छह दिनों में चौथा प्रदर्शन होगा।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि वे और राहुल गांधी सोमवार शाम चार से पांच बजे मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत से मिलेंगे। दोनों नेताओं ने सीजेआई को पत्र लिखा है। वे देश में लोकतंत्र की मौजूदा स्थिति से अवगत कराएंगे।
खरगे ने साफ किया कि वे कोई मांग नहीं रखेंगे। सिर्फ हाथ जोड़कर अनुरोध करेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार पर चुनाव आयोग की स्वायत्तता कमजोर करने और वोट चोरी का आरोप लगाया। खरगे ने कहा कि देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात हैं।
विपक्ष मंगलवार से लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहा है। पहले भी राहुल और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया जा चुका है। शनिवार को बड़े पैमाने पर सुरक्षा व्यवस्था के बीच हजारों लोगों को हिरासत में लिया गया था।
विपक्ष की मांग है कि ज्ञानेश कुमार तुरंत पद से हटें। वे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित वोट चोरी के मुद्दे को लेकर आवाज उठा रहे हैं। सोमवार का मार्च भी इन्हीं मुद्दों पर केंद्रित रहेगा।







