लेंस डेस्क। सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को हमला हुआ। धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई और 300 से ज्यादा घायल हुए। कुछ घायलों की हालत गंभीर है। मृतकों में 4 सऊदी नागरिक, 2 बांग्लादेशी तथा अमेरिका, फिलिस्तीन, मिस्र, जॉर्डन, सीरिया और सूडान के एक-एक नागरिक शामिल हैं।
हमले के बाद एयरपोर्ट खाली कराया गया और उड़ानें रोक दी गईं। पिछले 24 घंटे में कम से कम 225 उड़ानें रद्द हुईं। रियाद एयरपोर्ट पर बीते 20 दिन में यह चौथा हमला है। अभी तक किसी समूह ने जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन हूती विद्रोहियों के हाथ होने का शक जताया जा रहा है। हूतियों ने इस हफ्ते अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस को चेतावनी दी थी।
एयर इंडिया समेत कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ने रियाद और सऊदी अरब के अन्य एयरपोर्ट के लिए उड़ानें रोक दी हैं। भारत ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि आम नागरिकों पर हमले तुरंत बंद होने चाहिए। भारत सऊदी अरब की सुरक्षा के साथ खड़ा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी हमले को भयानक बताया और सऊदी अरब के साथ संभावित कार्रवाई का संकेत दिया। यमन में हूती विद्रोहियों और सऊदी समर्थित सेना के बीच तनाव बढ़ रहा है।










