हरियाणा पुलिस ने हिंदी खबर चैनल के प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल समेत कई पत्रकारों को हिरासत में लिया

लेंस डेस्क । हरियाणा पुलिस (Haryana Police) ने रविवार को हिंदी खबर न्यूज चैनल के प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल को उनके आवास से हिरासत में ले लिया। चैनल के एडिटर सौरभ उपाध्याय और महिला पत्रकार सुदेश नैन मोर को भी पुलिस ने अपने साथ ले जाने की खबर है। इस घटना ने मीडिया सर्कल में चर्चा बढ़ा दी है।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह कार्रवाई चैनल द्वारा नशे के कारोबार के खिलाफ प्रसारित खबरों के बाद हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक इन खबरों के बाद संबंधित लोगों में हड़कंप मचा हुआ था। पत्रकारों की हिरासत को लेकर प्रेस की आजादी पर सवाल भी उठाए जा रहे हैं।

वहीं कुरुक्षेत्र पुलिस का आधिकारिक पक्ष अलग है। पुलिस के अनुसार थानेसर थाने में एक शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। पुलिस का आरोप है कि चैनल ने एक प्राइवेट वीडियो को लाइव स्टिंग ऑपरेशन के रूप में प्रसारित किया और ब्लैकमेलिंग की कोशिश की। आईटी एक्ट और आईपीसी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी सबूतों के आधार पर अतुल अग्रवाल समेत पांच लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

हिंदी खबर चैनल का रविवार को रायपुर में एक कार्यक्रम तय था, जिसमें मुख्यमंत्री समेत छत्तीसगढ़ के अनेक मंत्री शामिल हुए, प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल भी आने वाले थे। हिरासत में लिए जाने के कारण वे इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now