Naxal Surrender: आंध्र प्रदेश में नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता सामने आई है। राज्य पुलिस के समक्ष 20 लाख रुपये के इनामी माओवादी नेता ने आत्मसमर्पण कर दिया है। आत्मसमर्पण करने वाले नेताओं की पहचान चेल्लुरी नारायण राव उर्फ सुरेश और बीके उर्फ सुरन्ना उर्फ सोमनना के रूप में हुई है जिन्हें संगठन में SZCM/SMC चीफ स्तर का बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों माओवादी नेता AK-47 जैसे घातक हथियार के साथ आत्मसमर्पण करने पहुंचे। इनके साथ 5-6 अन्य माओवादी कैडर ने भी डीजीपी, आंध्र प्रदेश और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष सरेंडर किया। बताया जा रहा है कि आत्मसमर्पण करने वाले दोनों नेता आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के थाना वज्रपु कोथुरु क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बाथुपुरम के निवासी हैं। इन पर लंबे समय से विभिन्न नक्सली गतिविधियों में संलिप्त होने के चलते कुल 20 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस का कहना है कि राज्य सरकार की पुनर्वास नीति और लगातार चलाए जा रहे ऑपरेशनों के कारण माओवादी संगठन कमजोर पड़ रहे हैं और बड़ी संख्या में कैडर मुख्यधारा में लौट रहे हैं। आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को सरकार की ओर से पुनर्वास योजना के तहत सहायता भी प्रदान की जाएगी।
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद के पूरी तरह उन्मूलन का लक्ष्य रखा है। ऐसे में इस तरह के आत्मसमर्पण को सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने इसे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति बहाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए अन्य माओवादियों से भी हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करने की अपील की है
आंध्र प्रदेश में 20 लाख के इनामी माओवादी नेता का आत्मसमर्पण, AK-47 के साथ मुख्यधारा में वापसी
By बप्पी राय
March 30, 2026 4:02 PM






