नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून (Monsoon) एक बार फिर कहर बरपा रहा है। उत्तर प्रदेश के 19 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, जबकि मध्य प्रदेश के 22 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
छत्तीसगढ़ में भी बारिश के बीच हादसों का सिलसिला जारी है। मुंगेली में पैदल जा रही महिला पर बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई, जबकि बिलासपुर में स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए। तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। बलरामपुर में भी कन्हर नदी पार करते समय एक युवक बह गया, जिसकी तलाश जारी है।
बिहार में गंगा कई इलाकों में उफान पर है। उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और नदी में फंसने की घटनाएं सामने आई हैं। हिमाचल प्रदेश में भी बारिश के कारण कई सड़कें बंद हैं।
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। राज्य के 19 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। करीब 92 गांवों में फसलों को नुकसान पहुंचा है, जबकि 26 गांवों का संपर्क प्रभावित होकर वे टापू जैसे हालात में पहुंच गए हैं।
वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण दशाश्वमेध घाट की पुलिस चौकी पानी में डूब गई। प्रयागराज में दारागंज घाट का श्मशान भी जलमग्न हो गया। इसके चलते अंतिम संस्कार सड़कों पर करना पड़ा।
ललितपुर में सैर नाले पर बना पुल पानी में डूब गया। तेज बहाव के बीच पुल पार कर रहे युवक की बाइक बह गई। हालांकि युवक सुरक्षित बच गया।
MP के 22 जिलों में रेड अलर्ट
मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश का दौर जारी है। जबलपुर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में रविवार को जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग ने प्रदेश के 22 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
डिंडौरी और बालाघाट में अगले 24 घंटे के दौरान भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून ट्रफ, चक्रवाती परिसंचरण और निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश का दौर जारी है।
पन्ना जिले में शहपुरा नदी का जलस्तर बढ़ने से एक डंपर बह गया। डंपर चालक ने तैरकर अपनी जान बचाई।
छत्तीसगढ़ में नदी में बहे तीन बच्चों की मौत
छत्तीसगढ़ में भी बारिश के कारण कई इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। बिलासपुर में स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए। तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
वहीं मुंगेली में पैदल जा रही एक महिला पर बिजली गिर गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बलरामपुर में कन्हर नदी पार करते समय एक युवक तेज बहाव में बह गया। SDRF और स्थानीय प्रशासन की मदद से उसकी तलाश की जा रही है।
बिहार में गंगा उफान पर, उत्तराखंड में भूस्खलन, हिमाचल में 125 सड़कें बंद
बिहार में भी गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बक्सर से भागलपुर तक कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। भागलपुर के नवगछिया में गंगा के कटाव से स्थिति गंभीर हो गई है। खरीक प्रखंड के राघोपुर गांव में तटबंध टूटने के बाद गांव में पानी घुस गया। यहां बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल के घर तक भी पानी पहुंच गया है।
उत्तराखंड के पौड़ी जिले में लगातार बारिश के बीच बीरोंखाल ब्लॉक के मैठाणाघाट-ग्वीन-रसियादेव मोटरमार्ग पर भूस्खलन हो गया। पहाड़ी दरकने से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी।
उत्तरकाशी में यमुना नदी के तेज बहाव में एक मजदूर फंस गया था। SDRF की टीम ने रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हिमाचल प्रदेश में भी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य में करीब 125 सड़कें बंद बताई गई हैं। हालांकि 24 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने का अनुमान है। 25 से 27 अगस्त के बीच कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
25-26 अगस्त को भी कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 25 अगस्त को छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश की संभावना है।
26 अगस्त को मध्य प्रदेश और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और कई अन्य राज्यों में भी भारी बारिश हो सकती है।
इस दौरान कई राज्यों में आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, असम-मेघालय, पूर्वी राजस्थान और उत्तराखंड में विशेष रूप से आकाशीय बिजली को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।










