नई दिल्ली। BJP ने युवा वोटर्स यानी GEN Z से सीधा संवाद बढ़ाने के लिए एक खास टीम बनाई है। इसमें पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े के साथ गुजरात के मंत्री हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी शामिल हैं। पार्टी इन नेताओं के जरिए युवाओं की सोच, उनकी समस्याएं और उम्मीदें समझने की कोशिश करेगी।
शनिवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में नितिन नवीन की अध्यक्षता में 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक हुई। बैठक में वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस के फैसले के खिलाफ प्रस्ताव पास किया गया। भाजपा ने कांग्रेस के कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत के केवल दो पैराग्राफ गाने के फैसले की कड़ी निंदा की।
पार्टी का कहना है कि वंदे मातरम के सम्मान से राजनीतिक सुविधा या तुष्टीकरण के लिए कोई समझौता नहीं होगा। भाजपा इसकी विरासत को पूरे देश में पहुंचाने के लिए अभियान चलाएगी। नितिन नवीन की नई टीम शनिवार शाम 7 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भाजपा मुख्यालय में मुलाकात करेगी। इस टीम का ऐलान 17 अगस्त को किया गया था।
युवा संवाद अभियान से जुड़ेगी 14 से 25 साल की उम्र के युवा
नई टीम जेन-जी युवाओं के बीच ‘युवा संवाद’ अभियान चलाएगी। इसके तहत 14 से 25 साल के युवाओं को जोड़ने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का मुख्य मकसद युवा वोटर्स के बीच पार्टी की पहुंच और संपर्क मजबूत करना है।
इसमें बातचीत, चर्चा और युवा संवाद जैसे कार्यक्रम होंगे। इनके जरिए जेन-जी की सोच, उनकी चिंताएं, जरूरतें और उम्मीदें समझने की कोशिश की जाएगी। युवाओं को भाजपा नेताओं से सीधे बात करने और अपने मुद्दे रखने का मौका भी मिलेगा। कार्यक्रमों का शेड्यूल, फॉर्मेट और जगहों की जानकारी जल्द जारी होने की उम्मीद है।
17 अगस्त को हुई थी नई टीम की घोषणा
नितिन नवीन ने भाजपा अध्यक्ष बनने के 209 दिन बाद 17 अगस्त को 65 सदस्यीय नई टीम का ऐलान किया था। इसमें 51 नए चेहरे शामिल हैं। टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महासचिव हैं।
अगले साल चुनाव वाले चार राज्यों के 18 नेताओं को भी टीम में जगह दी गई है। इनमें उत्तर प्रदेश से 8, उत्तराखंड से 4, गुजरात से 4 और पंजाब से 2 नेता शामिल हैं।
नई टीम में स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी हुई है। वसुंधरा राजे, बैजयंत पांडा और तीरथ सिंह रावत जैसे अनुभवी नेताओं को भी अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और बीएल संतोष को संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है। अमित मालवीय की जगह दीपक म्हास्के को भाजपा आईटी सेल की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा युवा वोटर्स तक अपनी पहुंच बढ़ाने और वंदे मातरम जैसे मुद्दों पर अपनी बात मजबूती से रखने की कोशिश कर रही है। नई टीम और युवा संवाद अभियान से पार्टी कितना फायदा उठा पाती है, यह आने वाले समय में साफ होगा।







