पुणे। महाराष्ट्र के ऐतिहासिक सिंहगढ़ किले (Sinhagad Fort) में पर्यटकों के कपड़ों को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि खुद को ‘किला संरक्षण समिति’ से जुड़ा बताने वाले कुछ लोगों ने पर्यटकों को उनके पहनावे को लेकर रोका और आपत्ति जताई। विवाद के दौरान एक 8 साल की बच्ची के शॉर्ट्स पहनने पर भी सवाल उठाए गए।
मामला 16 अगस्त का बताया जा रहा है। घटना के बाद हवेली पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान पर्यटकों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट की गई।
पुणे ग्रामीण के एसपी संदीप सिंह गिल ने बताया कि एक युवक और कुछ अन्य लोगों ने एक परिवार को रोककर उनकी 8 वर्षीय बेटी के शॉर्ट्स पहनने पर आपत्ति जताई। इससे विवाद शुरू हुआ और दोनों पक्षों के बीच बहस हुई। बहस के बाद मामला बिगड़ गया और पर्यटकों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
एसपी ने बताया कि आरोपियों ने खुद को किले की देखरेख और संरक्षण से जुड़े संगठन का सदस्य बताया था।
महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों से भी बदसलूकी का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद कई पर्यटकों को कथित तौर पर घेर लिया गया। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ भी बदसलूकी की गई और मारपीट हुई।
घटना के चलते किले में मौजूद पर्यटकों के बीच अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया। पुलिस के अनुसार, करीब दो घंटे तक विवाद चला और मारपीट हुई है।
एसपी ने बताया कि घटना की शिकायत मिलने के बाद हवेली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और 9 लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया। पुलिस अब घटना से जुड़े लोगों की भूमिका और पूरे विवाद के कारणों की जांच कर रही है।








