लेंस डेस्क। उत्तराखंड के कोटद्वार में लगभग एक महीने पहले हुई घटना के बाद सुर्खियों में आए जिम मालिक दीपक कुमार ने सोमवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से दिल्ली में मुलाकात की। यह मुलाकात सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर हुई। मुलाकात के बाद दीपक कुमार ने मीडियो को बताया कि राहुल गांधी ने उनकी जिम में मेंबरशिप लेने का वादा किया है।
गौरतलब है कि 26 जनवरी को दीपक कुमार ने बजरंग दल की भीड़ के सामने खड़े होकर 70 वर्षीय पार्किंसंस रोग से पीड़ित मुस्लिम दुकानदार वकील अहमद का बचाव किया था। कुछ लोगों ने उनकी दुकान ‘बाबा स्कूल ड्रेस एंड मैचिंग सेंटर’ से ‘बाबा’ शब्द हटाने की मांग की थी, जिसका उन्होंने विरोध किया। विवाद के दौरान दीपक ने खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताकर एकता का संदेश दिया, जिसका वीडियो वायरल हो गया था।
इस घटना के बाद उनके जिम की सदस्यता 150 से घटकर महज 15 रह गई। उन्हें धमकियां भी मिलीं, लेकिन अब वे कहते हैं कि धमकियां कम हो गई हैं और स्थिति सुधर रही है।
मुलाकात के बाद दीपक ने मीडिया से बातचीत में बताया कि राहुल गांधी ने उन्हें फोन पर बुलाया था। उन्होंने दीपक के परिवार से बात की, उनकी पत्नी से भी चर्चा की और कहा कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया, बल्कि बहुत अच्छा किया है। राहुल गांधी ने उन्हें डरने की जरूरत नहीं बताई और सराहना की। सबसे खास बात यह कि उन्होंने वादा किया कि वे जल्द ही कोटद्वार आएंगे और दीपक के जिम में सदस्यता लेंगे।
दीपक ने खुशी जताते हुए कहा कि अगर राहुल गांधी उनके जिम में आकर व्यायाम करेंगे तो यह उनके लिए बहुत बड़ी बात होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका राजनीति से कोई जुड़ाव नहीं है, उन्होंने सिर्फ इंसानियत के लिए आवाज उठाई थी।










